सवाई माधोपुर का स्थापना दिवस को सवाई माधोपुर उत्सव के रूप भव्य एवं आकर्षक कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा

19 एवं 20 जनवरी को होगें विभिन्न कार्यक्रम
पर्यटन मंत्री विश्वेन्द्र करेंगे कार्यक्रमों में शिरकत
कलेक्टर एवं प्रशासन के अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा, शोभायात्रा रूट एवं अन्य व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
सवाई माधोपुर।
सवाई माधोपुर के 257 वें स्थापना दिवस को सवाई माधोपुर उत्सव के रूप में 19 एवं 20 जनवरी को मनाया जाएगा। इसके लिए पूरी तैयारियां की गई है। यह उत्सव आमजन की आवाज बने तथा अधिक से अधिक लोग इस उत्सव से जुडे, इसके लिए सभी सभी तैयारिया की गई है।  
सवाई माधोपुर उत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पर्यटन मंत्री विश्वेन्द्र सिंह एवं अन्य अतिथिगण भी भाग लेंगे।
जिला कलेक्टर डॉ. एस.पी.सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के तत्वावधान में आयोजित होने वाले सवाई माधोपुर उत्सव को आमजन की आवाज बनाने तथा यहां आने वाले पर्यटक सवाई माधोपुर की कला, संस्कृति, परिवेश एवं लोक रंग से रूबरू कराने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सवाई माधोपुर स्थापना दिवस को सवाई माधोपुर उत्सव के रूप में 19 एवं 20 जनवरी 2020 को दो दिन तक मनाया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाआंें को लेकर जिला कलेक्टर डॉ.एस.पी.सिंह, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश कुमार, एडीएम कैलाश चंद्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र यादव,  एसीईओ रामचंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पुलिस, यातायात आदि के प्रभारियों ने शोभायात्रा मार्ग एवं अन्य स्थानों का जायजा लिया। कलेक्टर डॉ. सिंह ने 72 सीढी स्कूल, शहर के तिराहे से पुलिस चौकी, हरसहाय कटला होते हुए तिराहे तक शोभायात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने राजबाग मैदान तथा इंदिरा मैदान पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर पूरी तैयारियों के निर्देश दिए। इसी प्रकार नगर परिषद परिसर में सवाई माधोसिंह प्रथम की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं इसकी व्यवस्थाओं को भी जांचा।
रन फोर सवाई माधोपुर से होगा उत्सव का आगाज:- सवाई माधोपुर स्थापना दिवस के कार्यक्रमों का आगाज 19 जनवरी को सुबह साढे सात बजे रन फोर सवाई माधोपुर से होगा। यह दौड दशहरा मैदान से कृषि उपज मंडी प्रांगण तक होगी। इसके बाद रणथंभौर त्रिनेत्र गणेश मंदिर में सुबह 9 बजे महाआरती का आयोजन होगा। सुबह दस बजे से वन्यजीव एवं बाघ संरक्षण विषय पर दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक संग्रहालय में होगा। श्रेष्ठ फोटो को पुरस्कार भी दिया जाएगा। सुबह 11 बजे नगर परिषद परिसर में महाराजा सवाई माधोसिंह प्रथम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि कार्यक्रम होगा।
शोभायात्रा रहेगी आकर्षण का केन्द्र:- स्थापना दिवस के अवसर पर 19 जनवरी को शहर सवाई माधोपुर में सुबह 11 बजे दंडवीर बालाजी से मुख्य बाजार होते हुए राजबाग तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को रवानगी से पूर्व पर्यटन मंत्री द्वारा संबोधन किया जाएगा। इसके बाद हरि झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया जाएगा। शोभायात्रा में सिर पर कलश लिए महिलाएं, विभिन्न लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते लोक कलाकार तथा हजारों की संख्या में नागरिक, स्कूल-कॉलेज के बालक बालिकाएं शामिल होंगे। राजबाग पहुंुचकर शोभायात्रा सम्पन्न होगी।  इसके बाद राजबाग में दोपहर एक बजे पारम्परिक ग्रामीण खेल, रस्सा कस्सी, नींबू चम्मच दौड़, मटका दौड़, फेन्सी ड्रेस प्रतियोगिता तथा पगड़ी बांधना आदि खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन इंदिरा मैदान में रात्रि 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी होगा। जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ ही ख्याति प्राप्त कलाकार मोरू सपेरा द्वारा भी प्रस्तुति दी जाएगी। इसी प्रकार कॉमेडियन रविन्द्र जॉली भी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम के बाद इंइिरा मैदान पर आतिशबाजी भी की जाएगी।
मेजिक शो, कवि सम्मेलन एवं फुटबॉल मैच रहेंगे आकर्षण का विषय: – सवाई माधोपुर उत्सव के दूसरे दिन 20 जनवरी को विभिन्न कार्यक्रम होंगे। सुबह 8 बजे घुडसवारी संदेश (माई फिटनेस पर) कार्यक्रम, सुबह 11 बजे शिल्पग्राम में ग्रामीण परिवेश से जुड़ी महिलाओं की मांडना प्रतियोगिता लाइव शो कार्यक्रम होगा। पुलिस लाइन मैदान पर दोपहर 12 बजे बाहर से आई एवं स्थानीय टीम के बीच फुटबॉल का मैच होगा। वहीं दोपहर दो बजे दशहरा मैदान पर स्थानीय टीमों की विभिन्न प्रतियोगिताएं होगी। दोपहर एक बजे से राजकीय महाविद्यालय में वन्य जीवों पर आधारित मैजिशियन शो भी लोगों एवं पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र होगी। साथ ही पर्यटन विभाग द्वारा सवाई माधोपुर के संबंध में बनाई गई पुस्तिका सोवेनियर का विमोचन भी इसी दिन होगा। रात्रि को सात बजे से विराट कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। जिसमें वीर रस के कवि विनीत चौहार, हास्य रस के डॉ. भगवान मकरंद, दिल्ली की कवयित्री पूनम वर्मा, लटूरी लट्ठ, मैनपुरी के सतीश मधुप एवं अन्य कवियों द्वारा कविता पाठ किया जाएगा। जिला कलेक्टर डॉ. सिंह ने सभी नागरिकों, यहां आने वाले पर्यटकों एवं आमजन से सवाई माधोपुर उत्सव में सहभागिता निभाकर इससे जुडने तथा उत्सव को सफल बनाने का आग्रह किया है।
कलेक्टर ने बैठक लेकर दिए निर्देश:- सवाई माधोपुर उत्सव के संबंध में शनिवार को कलेक्टर डॉ.एस.पी.सिंह ने कलेक्टर कक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक उत्सव की अंतिम तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं दुरस्त रखते हुए उत्सव को भव्य एवं आकर्षक बनाने के संबंध में निर्देश दिए।