अपना घर सेवा समिति पदाधिकारियों ने किया विशेषाधिकारी राजोरिया का स्वागत-सम्मान

गंगापुर सिटी। मां माधुरी ब्रज बारिश सेवा सदन अपना घर, संस्था बझेरा भरतपुर से सम्बद्ध अपना घर सेवा समिति गंगापुर सिटी की पुरुष इकाई की ओर से जिला गंगापुर सिटी में पद स्थापित विशेषाधिकारी श्रीमती अंजलि राजोरिया आई. ए. एस. का स्वागत व सम्मान किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती राजोरिया को समिति के संरक्षक एवं पूर्व पी एम ओ सामान्य चिकित्सालय करौली डॉ. मोहनलाल गुप्ता द्वारा शॉल ओढ़ाया गया। समिति अध्यक्ष रमेश चंद गुप्ता पट्टी वालों द्वारा फूलों का गुलदस्ता भेंट किया गया। समिति सचिव शिवनारायण गुप्ता व अन्य पदाधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ, अपना घर का स्मृति चिन्ह एवं अपना घर का साहित्य प्रदान कर श्रीमती राजोरिया का स्वागत व सम्मान किया गया। साथ ही कक्ष में उपस्थित उपजिला कलक्टर नरेंद्र कुमार मीणा का भी पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
समिति अध्यक्ष रमेश चंद गुप्ता पट्टीवालों द्वारा विशेषाधिकारी को अपना घर आश्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि अपना घर आश्रम पूरे देश में अपने आप में एक यूनिक संस्था है जहां असहाय, बेसहारा, बीमार एवं वृद्ध प्रभुजिओं की तन-मन-धन से एवं पूर्ण सेवा भाव से सेवा की जाती है। वर्तमान में पूरे देश में 56 आश्रम संचालित हैं, जिनमें लगभग 9000 प्रभु जी सेवाएं ले रहे हैं। अपना घर आश्रम भरतपुर में 151 बीघा भूमि में लगभग 406 करोड़ की लागत से विशेष सुविधाओं वाले आश्रम का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके प्रथम चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है एवं शेष चरणों का कार्य जारी है। इसके पूर्ण होने के बाद इसमें एक साथ 11000 प्रभु जी सेवाएं ले सकेंगे।
अध्यक्ष गुप्ता ने बताया कि आश्रम की नीतियों के अनुसार प्रत्येक जिला मुख्यालय पर एक आश्रम बनाया जाना है और गंगापुर सिटी जिला बन चुका है इसलिए यहां भी आश्रम का निर्माण किया जाना है। आश्रम निर्माण हेतु भूमि के लिए मुख्यमंत्री सलाहकार एवं विधायक गंगापुर सिटी रामकेश मीणा ने राज्य सरकार को भूमि उपलब्ध कराने के लिए अपनी अभिशंषा की हुई है।
इस अवसर पर अध्यक्ष ने विशेषाधिकारी को अपना घर आश्रम भरतपुर की विजिट करने का निवेदन किया एवं गंगापुर सिटी में अपना घर आश्रम निर्माण हेतु सरकार से भूमि उपलब्ध करवाने के कार्य में सहयोग हेतु भी निवेदन किया। जिस पर विशेषाधिकारी ने इस कार्य में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर समिति उपाध्यक्ष अशोक कुमार बंसल, संयुक्त सचिव विश्व बंधु आर्य, कार्यकारिणी सदस्य अभिषेक रावत, राकेश कुमार गुप्ता, देवेंद्र कुमार मित्तल, गौरव कुमार तुलारा एवं पंकज कुमार गुप्ता उपस्थित रहे।