दो दिन में दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाल किला हिंसा मामले में एक और आरोपी अरेस्ट

26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा मामले में बुधवार को दिल्ली पुलिस ने आरोपी इकबाल सिंह को गिरफ्तार किया है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा गया था। इकबाल को पंजाब के होशियारपुर से अरेस्ट किया है। इससे पहले पंजाबी एक्टर दीप सिद्धू को दिल्ली पुलिस ने अरेस्ट किया था। दीप सिद्धू पर पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम रखा था।
सिद्धू पर ट्रैक्टर रैली में हिंसा फैलाने और लाल किले पर धार्मिक झंडा फहराने का आरोप था। गिरफ्तारी के बाद सिद्धू को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया जहां से 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने 10 दिन की रिमांड मांगी थी। पंजाब के मुक्तसर जिले में 1984 में जन्मे सिद्धू तीन विवादास्पद कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में शामिल रहे। उनकी पहली पंजाबी फिल्म रमता जोगी 2015 में रिलीज हुई थी। गणतंत्र दिवस हिंसा में अब तक 127 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले पुलिस ने हरजीत सिंह, हरप्रीत सिंह और धर्मेंद्र को पकड़ा है।
26 जनवरी को कुछ प्रदर्शनकारियों ने तय रूट और वक्त के उलट जाकर ट्रैक्टर लेकर दूसरे रास्तों पर चले गए ते। यहां कई जगहों पर पुलिस के साथ उपद्रवियों की झड़प हुई। फिर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी लाल किले में घुस गए और यहां काफी तोड़फोड़ कर डाली। कुछ लोग लाल किले के सामने एक खंभे पर चढ़कर सिख झंडा़ फहरा दिया था।