28 सितम्बर को भाजपा का जनाक्रोश: धरना-प्रदर्शन की तैयारी बैठक

गंगापुरसिटी। जन समस्याओं के विरोध में भाजपा की ओर से 28 सितम्बर को सुबह 11 बजे मिनी सचिवालय के सामने जनाक्रोश कार्यक्रम के तहत धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। शहर मंडल प्रवक्ता धनेश शर्मा ने बताया कि धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम को लेकर 26 सितंबर को दोपहर 2 बजे बाईपास स्थित पूर्व विधायक निवास पर शहर मंडल के पदाधिकारियों की तैयारी बैठक आयोजित की गई।

इस दौरान पदाधिकारिसयों व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से गंदे पानी की सप्लाई, बिजली के बढ़ते बिल, शहरी क्षेत्र में सीवरेज का कार्य में एलएनटी कंपनी के कार्यों में लापरवाही सहित बढ़ती चारियों के चलते नागरिकों को परेशानी हो रही है। इसके विरोध में तलावड़ा मंडल, वजीरपुर, गंगापुर ग्रामीण सहित शहर मंडल के समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा आमजन को साथ लेकर संयुक्त रूप से 28 सितंबर को धरना प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में जिला महामंत्री मनोज बंसल, जिला उपाध्यक्ष रामसिंह खटाना, शहर मंडल अध्यक्ष गिरधारी सोनी, मंडल महामंत्री मिथलेश व्यास, गोपाल धामोनिया, अशोक कमालपुरा, नीतेश मोदी, मंडल मंत्री चिरंजी लोधा आदि मौजूद थे।