लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी से हमला, चालक और अधिकारी गंभीर घायल, तस्करों ने वाहन भी तोड़ा
झारखंड के बोकारो जिले से अवैध कोयला खनन से जुड़ा एक गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। वेस्ट बोकारो क्षेत्र में अवैध खनन स्थल पर जांच के लिए पहुंचे केबीपी परियोजना से जुड़े कर्मियों पर अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अवैध खनन स्थल पर पहुंचते ही भड़की हिंसा
रहाबन ओपी क्षेत्र अंतर्गत पचमों पंचायत के ग्राम बघरैया स्थित केबीपी खनन पट्टा क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 10.30 बजे यह घटना हुई। एमडीओ केबीपी माइंस से जुड़े अधिकारी रवि रामाचन्द्रा राव, राजगोपाल और सीसीएल के सुरक्षा पदाधिकारी लालचंद महतो स्कॉर्पियो वाहन से मौके पर पहुंचे थे। जैसे ही कंपनी का वाहन अवैध कोयला खनन मुहाने के पास पहुंचा, वहां मौजूद कोयला तस्करी में शामिल लोग उग्र हो गए।
15–20 लोगों ने किया सुनियोजित हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 15 से 20 की संख्या में मौजूद हमलावरों ने अचानक लाठी, डंडा, पत्थर और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वाहन चालक धीरज कुमार को गाड़ी से खींचकर नीचे गिराया गया। इसके बाद बेरहमी से उनकी पिटाई की गई। आरोप है कि हमलावरों ने चालक से दो हजार रुपये भी छीन लिए।
अधिकारी पर कुल्हाड़ी से हमला, हालत गंभीर
हमलावरों ने एमडीओ केबीपी के अधिकारी रवि रामाचन्द्रा राव को भी निशाना बनाया। उन पर कुल्हाड़ी और डंडे से हमला किया गया। हमले में उनका सिर फट गया और दाहिना हाथ टूट गया। इसके अलावा स्कॉर्पियो वाहन पर जमकर पत्थरबाजी की गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
किसी तरह बचाई जान, अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद किसी तरह सभी कर्मियों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई और कंपनी अधिकारियों को सूचना दी। घायल कर्मचारियों को तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल, घाटो वेस्ट बोकारो में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने रवि रामाचन्द्रा राव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया।
पुलिस में मामला दर्ज, कार्रवाई की मांग
इस घटना को लेकर वाहन चालक की ओर से रहाबन ओपी में लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
