कांग्रेस विधायक कैलाश त्रिवेदी का दिल्ली में निधन, कोरोना पॉजिटिव से निगेटिव होने के बाद भी तबीयत में नहीं हुआ सुधार

भीलवाड़ा के सहाड़ा से कांग्रेस विधायक कैलाश त्रिवेदी का देर रात निधन हो गया। उनका दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। त्रिवेदी कोरोना पॉजिटिव आने के बाद निगेटिव आ गए थे, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका था। लगातार गिरते स्वास्थ्य के चलते उन्हें दिल्ली रेफर किया गया था। त्रिवेदी के निधन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी समेत सभी नेताओं ने दुख जताया। सीएम ने लिखा- भीलवाड़ा के विधायक और कांग्रेस नेता कैलाश त्रिवेदी के निधन पर गहरा दुख हुआ है। उनके परिवार के सदस्यों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। इस कठिन समय में वे मजबूत बने रहें। उनकी आत्मा को शांति मिले। कैलाश त्रिवेदी मुख्यमंत्री गहलोत के खास विधायकों में से एक माने जाते थे। वे सहाड़ा से तीसरी बार विधायक बने थे। अपने पिता के बाद कैलाश ने राजस्थान की राजनीति में कदम रखा था।