कोरोना अपडेट: इण्डिया दुनिया का दूसरा सबसे संक्रमित देश

इण्डिया दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित देश हो गया है। यहां 41 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं। ब्राजील 40 लाख 91 हजार मामलों के साथ अब तीसरे नंबर पर है। भारत में मरीजों के बढऩे की रफ्तार अगर यही रही तो नवंबर तक एक करोड़ और साल के अंत तक देश में 1 करोड़ 40 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो जाएंगे, जबकि 1 लाख 76 हजार से ज्यादा लोगों की जान जाने की आशंका है।
दुनिया में अभी संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले अमेरिका में है। वहां 63 लाख से ज्यादा लोग कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। अमेरिका और ब्राजील में अब हर दिन औसतन 40 से 45 हजार नए संक्रमित मिल रहे हैं। भारत में अब तक 41 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। देश में हर दिन 85 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं, यानी अमेरिका और ब्राजील से दोगुने।नवंबर में ही एक करोड़ संक्रमितों का आंकड़ा पार हो जाएगा
देश में संक्रमितों के बढऩे की अगर यही रफ्तार रही तो नवंबर में ही 1 करोड़ 13 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ जाएंगे। अभी हर दिन 85 हजार से ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं। इस लिहाज से 30 सितंबर तक 60 लाख और 31 अक्टूबर तक 80 लाख से ज्यादा केस होंगे।
एक्टिव केस के मामले में भारत पहले से ही दूसरे नंबर पर
एक्टिव केस के मामले में भारत पहले से ही दुनिया में दूसरे नंबर पर है। एक्टिव केस यानी ऐसे मरीजों की संख्या जिनका अभी इलाज चल रहा है। भारत में अभी ऐसे मरीजों की संख्या 8 लाख 59 हजार से ज्यादा है। दुनिया के कुल संक्रमितों में 37.40 प्रतिशत एक्टिव केस अमेरिका और 12.18 प्रतिशत भारत से हैं। ब्राजील में एक्टिव केस की संख्या 11.90 प्रतिशत है।