चक्काजाम को Rajasthan की सरकार का पूरा समर्थन, जानिए क्या होगा असर?

केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ देशभर में आज चक्का जाम है। किसानों ने कहा कि 6 फरवरी को सिर्फ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चक्का जाम नहीं होगा। इन दो राज्यों और दिल्ली को छोड़कर पूरे देश में चक्का जाम होगा। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि जो लोग यहां नहीं आ पाए वो अपने-अपने जगहों पर शांतिपूर्ण तरीके से चक्का जाम करेंगे। वहीं राजस्थान से जुड़े सभी हाईवे पर दोपहर 12 बजे से चक्का जाम शुरू हो गया है। यह 3 बजे तक चलेगा।
प्रदेश की कांग्रेस पार्टी ने किसान आंदोलन को पूरा समर्थन दिया है। ऐसे में कानून व्यवस्था के नाम पर अब पुलिस प्रशासन किसानों के प्रदर्शन को रोक नहीं पाएगी। ऐसी स्थिति में प्रदेश में लोगों को हाईवे पर निकलना आज उचित नहीं होगा। जयपुर के प्रमुख हाईवे को बाहर एंट्री प्वाइंट्स पर जाम किया जा रहा है। सीकर रोड, टोंक रोड़, आगरा रोड और अजमेर रोड पर शहर से कुछ दूरी पर चक्का जाम किया जा रहा है।
चक्का जाम के दौरान आवश्यक सेवाओॆं को मुक्त रखा गया है। एंबुलेंस, स्कूल बस और आपातकालीन सेवाओं पर छूट रहेगी। बता दें कि कृषि कानूनों के रद्द करने की मांग को लेकर देश का किसान दिल्ली की सीमाओं पर पिछले दो महीने से प्रदर्शन कर रहा है। किसान नेताओं ने कहा कि इंटरनेट बैन और किसानों के शोषण के खिलाफ यह चक्का जाम हो रहा है।