गंगापुर सिटी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भाजपा गंगापुर सिटी के तत्वावधान में पंचायत समिति परिसर में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भी विशेष रूप से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर, विशिष्ट अतिथि पंचायत समिति प्रधान मंजू गुर्जर और नगर परिषद सभापति शिवरतन अग्रवाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर मंडल अध्यक्ष मिथलेश व्यास ने की। मुख्य वक्ता के रूप में नगर संघचालक डॉ. मनोज जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी भाजपा जिला सह मीडिया प्रमुख धनेश शर्मा ने दी।
कार्यक्रम की शुरुआत पंचायत समिति पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद विचार गोष्ठी का संचालन शुरू हुआ। मुख्य वक्ता डॉ. मनोज जैन ने अपने उद्बोधन में गांधीजी और शास्त्रीजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गांधीजी देश की आजादी के लिए अनेक आंदोलनों के प्रणेता और जन-जन के प्रेरणा स्रोत थे। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने भारत-पाक युद्ध और ताशकंद समझौते में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि संघ देश में राष्ट्रवाद, पंच परिवर्तन, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जागरण, आत्मनिर्भरता और नागरिक कर्तव्यों को लेकर आमजन में निरंतर जागरूकता फैला रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने कहा कि गांधीजी और शास्त्रीजी दोनों ही महापुरुषों ने अपने सैद्धांतिक जीवन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में प्रत्येक नागरिक को प्रेरित किया। उन्होंने शास्त्रीजी को श्वेत क्रांति और हरित क्रांति का जनक बताते हुए कहा कि उनका कार्यकाल आज भी अनुकरणीय है।
कार्यक्रम में पूर्व जिला उपाध्यक्ष रामसिंह खटाना, प्रधान मंजू गुर्जर, सभापति शिवरतन अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। आयोजन में सारांश जैन, एडवोकेट अनिल दुबे, सूरजमल जाट, नारायण महावर, नवल दनगस, गौरन्ती मीणा, कमला मीणा, मीनाक्षी जादौन, महेश योगी, कमलेश महावर, गोविंद गुप्ता, विष्णु शर्मा आईकॉन, गोविंद पाराशर, बबलू चौधरी, चिरंजी लोधा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति निष्ठा और सेवा की शपथ के साथ हुआ।
