एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और साजिश के दावों पर बोले अभिनेता, परिवार को लेकर कही ये बात
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की निजी जिंदगी बीते कुछ समय से लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। पहले एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोप, फिर तलाक की अटकलें और अब खुद गोविंदा की प्रतिक्रिया। आखिरकार, लंबे समय की चुप्पी के बाद गोविंदा ने पहली बार इन सभी खबरों पर खुलकर बात की है।
क्यों तोड़ी गोविंदा ने चुप्पी?
गोविंदा ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में साफ किया कि उन्होंने यह चुप्पी किसी मजबूरी में नहीं, बल्कि गलतफहमियों को दूर करने के लिए तोड़ी है। उनके मुताबिक, जब कोई इंसान लंबे समय तक कुछ नहीं बोलता, तो लोग उसे कमजोरी या अपराध मान लेते हैं। गोविंदा ने कहा कि अब उन्हें लगा कि प्रतिक्रिया देना जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और बातों को गलत दिशा में जाने से रोका जा सके।
परिवार को लेकर ‘बड़ी साजिश’ का दावा
इस बातचीत में गोविंदा ने बेहद चौंकाने वाला दावा किया। उन्होंने कहा कि परिवार के कुछ लोग अनजाने में एक बड़ी साजिश का हिस्सा बन गए हैं। गोविंदा के अनुसार, शुरुआत में किसी को यह अंदाजा नहीं था कि उनका इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन धीरे-धीरे हालात ऐसे बने कि मामला सार्वजनिक हो गया।
पत्नी सुनीता आहूजा पर लगाया यह बड़ा आरोप
गोविंदा ने अपनी पत्नी सुनीता को लेकर भी अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा कई प्रोजेक्ट्स ठुकराने की वजह से सुनीता को चिंता रहती थी। इसी दौरान उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि सुनीता खुद भी एक साजिश में फंस गई हैं। गोविंदा ने इस स्थिति की तुलना क्रिकेट से करते हुए कहा कि उन्हें “ओपनिंग बैट्समैन” की तरह मैदान में उतार दिया गया।
क्या इंडस्ट्री के लोग गोविंदा को करना चाहते हैं नुकसान?
गोविंदा ने यह भी कहा कि जब किसी कलाकार की लोकप्रियता एक खास स्तर तक पहुंच जाती है, तो कई लोग उसे गिराने की कोशिश करने लगते हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले भी उन पर गलत आरोप लगाए गए थे, लेकिन बाद में सच्चाई सामने आई और आरोप लगाने वाले खुद बेनकाब हो गए।
भगवान से मांगी परिवार के लिए दुआ
बातचीत के अंत में गोविंदा भावुक नजर आए। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि उनके परिवार को सद्बुद्धि मिले और कोई गलतफहमी न रहे। उन्होंने खासतौर पर अपने बच्चों टीना और यशवर्धन की भलाई की कामना की। गौरतलब है कि गोविंदा और सुनीता की शादी 1987 में हुई थी और 2025 से उनके रिश्ते में दरार की खबरें लगातार सामने आ रही हैं।
