घर-आँगन बिखरी दीपावली की खुशियां

माँ लक्ष्मी का पूजा कर मांगी खुशहाली की कामना
बाजार में खूब बिकी मिठाईयां
गंगापुरसिटी।
भगवान राम के वनवास से लौटने की खुशी का त्योहार दीपावली क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। घर और प्रतिष्ठानों पर विशेष सजावट के साथ माता लक्ष्मीजी की पूजा-अर्चना कर खुशहाली की कामना की गई।
धनतेरस के साथ शुरू हुआ पांच दिवसीय दीपोत्सव को लेकर गुरुवार को लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बाजारों में खरीदारी का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। दीपावली की खुशी से सराबोर लोग मिठाई की खरीदारी करते नजर आए। शहर के बाजारों में बड़ी संख्या में मिठाई की दुकान सजाई गई।
शहर के प्रसिद्ध खीरमोहन, सोहनपपडी सहित अन्य मिठाईयों की मांग सबसे अधिक रही। दिनभर लोग खरीदारी में व्यस्त रहे। मिठाई के साथ लोगों ने नमकीन खरीदना पसन्द किया। इसके अलावा बाजारों में पूजन सामग्री, मां लक्ष्मीजी की तस्वीर, बांधनवार की भी लोग खरीदारी करते नजर आए। त्योहार के चलते एटीएम पर पैसे निकालने के लिए भी लोग की भीड़ नजर आई।
वहीं दूसरी ओर लोग एक दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देने में व्यस्त रहे। सोशल मीडिया पर भी शुभकामनाओं का दौर चलता रहा। शांति व्यवस्था के लिए बाजारों में पुलिस जवान भी तैनात रहे। शुक्रवार को शहर के मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी गई है।