
भारत अब एप्पल की ग्लोबल सप्लाई चेन का मजबूत हिस्सा बन चुका है। यह न सिर्फ भारतीय अर्थव्यवस्था को गति दे रहा है, बल्कि लाखों नए रोजगार भी पैदा कर रहा है। एप्पल ने भारत को तेजी से अपने प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित किया है, जिसमें ताइवान की फॉक्सकॉन, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और पेगाट्रॉन जैसी कंपनियों की बड़ी भूमिका है। आइए जानते हैं कि भारत के किन राज्यों में iPhone तैयार हो रहे हैं और किस राज्य का योगदान सबसे ज्यादा है।
तमिलनाडु बना सबसे बड़ा केंद्र
तमिलनाडु के श्रीपेरुंबुदुर में फॉक्सकॉन का विशाल प्लांट है, जो भारत में iPhone निर्माण का मुख्य केंद्र माना जाता है। यहां iPhone 16 और iPhone 17 जैसे मॉडल असेंबल किए जाते हैं। इसी राज्य में पेगाट्रॉन की यूनिट भी है, जिसे हाल ही में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स ने 60% हिस्सेदारी के साथ अधिग्रहित किया है। तमिलनाडु iPhone उत्पादन में सबसे आगे है और देश से होने वाले कुल निर्यात का लगभग 70% हिस्सा यहीं से आता है। वित्त वर्ष 2024-25 में भारत से लगभग 1.5 लाख करोड़ रुपये के iPhones का निर्यात हुआ।
Read More: विपक्ष का उम्मीदवार कौन? उप-राष्ट्रपति चुनाव में तिरुची सिवा के नाम पर अटकलें तेज
कर्नाटक और तेलंगाना भी पीछे नहीं
कर्नाटक के देवनहल्ली में फॉक्सकॉन ने करीब 25,000 करोड़ रुपये की लागत से नया हाई-टेक प्लांट शुरू किया है। यहां iPhone 17 का उत्पादन हो रहा है और यह चीन के बाहर फॉक्सकॉन की दूसरी सबसे बड़ी यूनिट मानी जाती है। कर्नाटक का लक्ष्य है कि 2025 तक यहां 3 करोड़ iPhones तैयार किए जाएं।
वहीं तेलंगाना के हैदराबाद में फॉक्सकॉन ने एक और प्लांट लगाया है। अभी यहां AirPods का निर्माण हो रहा है, लेकिन भविष्य में iPhone प्रोडक्शन भी संभव है।
प्रोडक्शन में नंबर वन कौन?
तमिलनाडु फिलहाल iPhone निर्माण में सबसे आगे है। फॉक्सकॉन और पेगाट्रॉन की मौजूदगी ने इसे एप्पल की ग्लोबल सप्लाई चेन का अहम हिस्सा बना दिया है। वित्त वर्ष 2024-25 में भारत में करीब 22 अरब डॉलर (लगभग 1.89 लाख करोड़ रुपये) के iPhones बनाए गए, जिनमें से अधिकतर उत्पादन तमिलनाडु से हुआ। खुद Apple के सीईओ टिम कुक ने कहा कि जून 2025 में अमेरिका में बिकने वाले ज्यादातर iPhones भारत में बने थे।
भारत क्यों बना पसंदीदा हब?
भारत सरकार की “मेक इन इंडिया” और “PLI स्कीम” ने एप्पल और फॉक्सकॉन जैसी कंपनियों को आकर्षित किया है। दूसरी ओर, चीन में बढ़ती लागत, सख्त नियम और अमेरिका-चीन तनाव ने भारत को ज्यादा बेहतर विकल्प बना दिया है। नतीजा यह रहा कि 2025 की पहली छमाही में भारत में 2.39 करोड़ iPhones बने, जो पिछले साल की तुलना में 53% अधिक है।