जयपुर में महिला की निर्मम हत्या: डेयरी बूथ में अर्धनग्न हालत में मिला शव, रेप की आशंका से सनसनी

जयपुर के विद्याधर नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात खाली पड़े डेयरी बूथ में महिला का शव मिला। शरीर पर चोट और रगड़ के निशान पाए गए। पुलिस ने रेप की आशंका जताते हुए 2-3 संदिग्धों को राउंडअप किया है।

जयपुर में शुक्रवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। विद्याधर नगर इलाके में एक खाली पड़े डेयरी बूथ से एक महिला का शव बरामद हुआ है। मृतका लगभग 30 वर्ष की बताई जा रही है, जो पिछले कुछ दिनों से खानाबदोश जीवन जी रही थी और सड़कों पर ही रात बिताती थी। महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

घटना शुक्रवार रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। एक स्थानीय सिक्योरिटी गार्ड जब गश्त कर रहा था, तभी उसे सेक्टर-8 स्थित खाली डेयरी बूथ का गेट खुला नजर आया। जब उसने अंदर झांककर देखा तो वहां एक महिला खून से लथपथ, बेसुध पड़ी हुई थी। उसके चेहरे और माथे से खून बह रहा था। गार्ड ने तत्काल विद्याधर नगर थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर चोट और रगड़ के कई निशान पाए गए हैं। पुलिस ने FSL और डॉग स्क्वॉड टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। शव को कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

DCP (नॉर्थ) करण शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। जिस हालत में शव मिला है, उससे रेप की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने फिलहाल क्षेत्र के दो से तीन नशेड़ियों को राउंडअप कर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत और यौन शोषण की पुष्टि हो सकेगी।

इस घटना से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके। जयपुर में बढ़ते अपराधों के बीच यह घटना महिला सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है।