झांसी में इंसानियत शर्मसार: रिटायर रेलकर्मी ने पत्नी की हत्या कर किए टुकड़े-टुकड़े

Jhansi murder case retired railway employee
झांसी में रिटायर रेलकर्मी ने पत्नी की हत्या कर शव के किए टुकड़े

एक हफ्ते तक कमरे में जलते रहे शव के अंग, सूटकेस में भरकर ऑटो से भागा आरोपी

उत्तर प्रदेश के झांसी से एक रूह कंपा देने वाला हत्याकांड सामने आया है। यह वारदात न सिर्फ खौफनाक है, बल्कि इंसानियत को भी शर्मसार करने वाली है। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की ब्रह्म नगर कॉलोनी में एक रिटायर रेलकर्मी ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी ने करीब एक सप्ताह तक कमरे के अंदर आग जलाकर शव के अंगों को जलाने की कोशिश की। ताकि बदबू बाहर न जाए और किसी को शक न हो। हालांकि, आखिरकार उसकी यह साजिश नाकाम हो गई।

पत्नी की हत्या के बाद रची खौफनाक साजिश

जानकारी के अनुसार, आरोपी बृजभान रेलवे से रिटायर हो चुका है। वह अपनी तीसरी पत्नी प्रीति के साथ ब्रह्म नगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था। करीब एक हफ्ते पहले उसने किसी विवाद के बाद पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को कमरे में ही छिपा दिया। फिर, धीरे-धीरे शव के अंग काटता रहा। साथ ही, रोजाना कमरे में आग जलाता रहा। ताकि शव के टुकड़े जल सकें और बदबू छिपी रहे। इसके बावजूद कुछ अंग पूरी तरह नहीं जल पाए।

सूटकेस में भरकर ऑटो से भागने की कोशिश

शनिवार रात आरोपी ने बचे हुए शव के टुकड़ों को एक सूटकेस में भरा। इसके बाद उसने एक ऑटो बुलाया। सूटकेस ऑटो में रखवाया और खुद पीछे से आने की बात कहकर निकल गया। जब ऑटो चालक मिनर्वा चौराहे के पास पहुंचा, तब आरोपी गायब हो चुका था। काफी देर इंतजार के बाद चालक को शक हुआ। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के सामने खुला खौफनाक राज

पुलिस ने जब सूटकेस खुलवाया, तो उसमें महिला के कटे हुए अंग मिले। यह देखकर पुलिस भी सन्न रह गई। इसके बाद सीपरी बाजार थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ऑटो चालक को लेकर ब्रह्म नगर कॉलोनी पहुंची। वहां आरोपी का कमरा बंद मिला। तलाशी के दौरान कमरे से जले हुए मानव अवशेष बरामद किए गए। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि आरोपी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Read More :- बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ की धाक, 2025 बना भारतीय सिनेमा का गोल्डन ईयर