विधायक रामकेश मीणा ने व्यापार मंडल पदाधिकारियों को दिलाई शपथ

गंगापुर सिटी। मुख्यमंत्री सलाहकार एवं विधायक रामकेश मीना ने व्यापार मण्डल नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम की शुरुआत महालक्ष्मी देवी के दीप प्रज्वलन से हुई।
समारोह में मुख्य अतिथि विधायक रामकेश मीणा, कृषि मंडी सचिव बलबीर सिंह मीणा एवं राष्ट्रीय व्यापार संगठन मंत्री कैलाश चंद मेठी विशिष्ट अतिथि रहे। समारोह में व्यापार मंडल अध्यक्ष गोविंद गुप्ता ने पधारे हुए सभी अतिथियों का उद्बोधन देकर स्वागत किया। व्यापारियों की समस्याओं के बारे में विधायक को अवगत कराया। विधायक रामकेश मीणा एवं चुनाव अधिकारी शिवचरण धाकड़ ने नए पदाधिकारी अध्यक्ष गिरधारी लाल गुप्ता, उपाध्यक्ष राम अवतार ढोला, महामंत्री लक्ष्मीनारायण गोयल, मंत्री नितेश कुमार खूंटामार एवं कोषाध्यक्ष सुरेश पंडा को शपथ दिलाई और नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी।
विधायक मीना ने ने चुनाव अधिकारी शिवचरण धाकड़, सहायक चुनाव अधिकारी तुलसीराम गुप्ता एवं उनकी सहायक टीम जगदीश शर्मा, अरुण गुप्ता, विशंभर गुप्ता, कमल शर्मा, अरुण शर्मा को शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सम्मानित किया।
इस मौके पर विधायक मीणा ने कहा कि पदाधिकारियों का दायित्व है कि वह सभी व्यापारियों को साथ लेकर मंडी के विकास में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि मंडी में व्यापारी किसान और मजदूर तीनों एक कड़ी है, सभी का सहयोग लें और सभी का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि वे हमेशा मंडी के विकास के लिए तैयार हैं। उन्होंने गंगापुर सिटी विधानसभा के विकास के कार्य किए हैं चाहे वह गंगापुर राजकीय चिकित्सालय हो या राजकीय कन्या महाविद्यालय। पानी की समस्या का भी समाधान किया है। आगे भी गंगापुर सिटी विधानसभा विकास कार्य में सहयोग की बात कही। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी स्वर्गीय रामेश्वर प्रसाद बच्चू सिंह के साथ मिलकर आवंटन नीति में संशोधन कराया था, जिससे गंगापुर सिटी की मंडी ही नहीं संपूर्ण राजस्थान की मंडियों की समस्या का समाधान निकला था। अंत में उन्होंने सभी नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी।
समारोह के अंत में व्यापार मंडल के निर्वाचित अध्यक्ष गिरधारी लाल गुप्ता धौलेटा ने सभी पधारे अतिथियों को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का व्यापार मंडल अध्यक्ष द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। मंच संचालन व्यापार मंडल महामंत्री सुनील खूंटामार द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारी, मंडी समिति के पदाधिकारी पूर्व सभापति हरिप्रसाद बोहरा, अग्रवाल शिक्षण संस्थान अध्यक्ष सुदर्शन मित्तल, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता नारोली वाले, मजदूर, दलाल, मुनीम यूनियन के सभी पदाधिकारी एवं साथ ही सभी व्यापार मंडल सदस्य व्यापारी उपस्थित रहे।