राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष: समाज बदलने में सहयोग सबसे जरूरी

राष्ट्रीय एससी आयोग अध्यक्ष किशोर मकवाना बोले – अपराध कम करने के लिए सामाजिक सहयोग जरूरी

जयपुर। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) के अध्यक्ष किशोर मकवाना ने कहा कि अपराधों में कमी लाने और समाज में सद्भाव बनाए रखने के लिए सामाजिक सहयोग बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि साधु-संतों, समाज के प्रभावशाली लोगों और सकारात्मक संस्थाओं की मदद से अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है।

वे सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक के दूसरे दिन संबोधित कर रहे थे। इस दौरान आयोग के सदस्य वड्डेपल्ली रामचंदर और लवकुश कुमार भी मौजूद रहे। आयोग ने अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत हो रहे कार्यों की समीक्षा की और सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

Read More: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दिल्ली यात्रा : ऊर्जा, मेट्रो और विकास पर चर्चा

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पिछले डेढ़ साल में एससी वर्ग के अपराधों में कमी आई है, हालांकि और सुधार की जरूरत है।

पुलिस अधिकारियों ने आंकड़े प्रस्तुत किए। वर्ष 2023 में 8,212 मामले दर्ज हुए थे, जो 2024 में घटकर 7,007 रह गए। 2025 में अब तक 3,651 मामले सामने आए हैं। पीड़ितों की मदद के लिए 24×7 हेल्पलाइन 18001806025 भी संचालित की जा रही है।

बैठक के बाद आयोग ने जामडोली कैंपस में एससी बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया, वृक्षारोपण किया और छात्राओं के साथ भोजन किया। छात्राओं ने खुशी जताते हुए ‘थैंक यू सर’ कहा।