
गंगापुर सिटी। अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह आयोजन आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार द्वितीय दिवस पर संपन्न हुआ। प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया।
महाविद्यालय सचिव बाबूलाल गुप्ता व्याख्याता ने जानकारी दी कि वॉलीबॉल में रानी लक्ष्मीबाई टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इसी प्रकार खो-खो में कालीबाई टीम, कबड्डी में हाड़ी रानी टीम तथा बैडमिंटन में श्रेया गुप्ता और वंदना मीणा टीम विजयी रही।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय सचिव बाबूलाल गुप्ता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेल और सहशैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। इससे न केवल आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. बृजेंद्र सिंह ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक और सामाजिक विकास के लिए भी जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि खेल भावना से जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है और प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ सहयोग की भावना भी विकसित होती है।
इस अवसर पर व्याख्याता डॉ. प्रवीण कुमार, संतोष मंगल, जीवन सिंह, योगिता जैन, जगन्नाथ रेगर, मेघा अग्रवाल, उमाकांत शुक्ला, उदय सिंह चौहान, अमित खंडेलवाल, देवांग पाठक, संतोष गुप्ता, वेद प्रकाश गुप्ता सहित समस्त स्टाफ सदस्य एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाएं तथा छात्राएं उपस्थित रहीं।