कृषि कानूनों के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस, Rahul Gandhi ने संभाला मोर्चा

kisan

केंद्र सरकार के तीनों नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन लगातार जारी है। पिछले 50 दिन से दिल्ली की सीमाओं पर किसान आंदोलन कर अपनी आवाज को ताकत बना रहे हैं। किसान संगठनों के नेताओं और सरकार के बीच एक बार फिर से 9वें राउंड की वार्ता होने जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आज की बैठक में क्या कृषि कानूनों को लेकर समाधान निकल पाएगा? इसके जवाब के लिए पूरे देश की सरकार पर निगाहें टिकी है।
इस बीच कांग्रेस पार्टी एक बार फिर से किसानों के समर्थन में देशव्यापी प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस आज किसान अधिकार दिवस भी मना रही है। इसके तहत सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल जारी है। दिल्ली में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता राजभवन का घेराव कर रहे हैं। इस प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कर रहे हैं। पुलिस ने राजभवन से पहले बेरिकेड्स लगाकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।
दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन लगातार जारी है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर लोगों से किसान आंदोलन में भाग लेने की अपील की है। राहुल ने लिखा कि देश के अन्नदाता अपने अधिकार के लिए अहंकारी मोदी सरकार के खिलाफ सत्याग्रह कर रहे हैं। दिल्ली में राहुल गांधी कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। कांग्रेस का कहना है कि देश के सभी जिला हेड क्वार्टर में कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।