महिला जागृति संस्थान द्वारा 21 दिसंबर को होगी राजस्थानी लोक नृत्य प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह

राजस्थान की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु होगा पारंपरिक नृत्यों का भव्य आयोजन

Gangapur City. महिला जागृति संस्थान की जिला इकाई की बैठक जिलाध्यक्ष डॉ. कुसुम गुप्ता के निवास स्थान पर आयोजित की गई, जिसमें आगामी “राजस्थानी लोक नृत्य प्रतियोगिता” एवं “सम्मान समारोह” के आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

संस्थान की जिलाध्यक्ष डॉ. कुसुम गुप्ता ने बताया कि यह कार्यक्रम 21 दिसंबर 2025 (रविवार) को भगवती पैलेस में दोपहर 12 बजे से आयोजित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य राजस्थानी लोक नृत्य परंपराओं को जीवंत बनाए रखना और महिलाओं एवं बालिकाओं में लोक संगीत एवं संस्कृति के प्रति आकर्षण बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि संस्थान पिछले 5 वर्षों से लगातार इस प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। इस वर्ष भी कालबेलिया, चरी और घूमर नृत्य की एकल प्रतियोगिता सर्वसमाज की महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए आयोजित की जाएगी।

संस्थान की सांस्कृतिक प्रभारी ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छुक महिलाएं एवं बालिकाएं अपने नाम 5 दिसंबर 2025 तक दर्ज करा सकती हैं। इस आयोजन में पारंपरिक परिधान, नृत्य की अभिव्यक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति के आधार पर चयन किया जाएगा।

संस्थान की मंत्री महादेवी वर्मा ने बताया कि इस अवसर पर सामाजिक योगदान देने वाले व्यक्तियों और संगठनों को भी सम्मानित किया जाएगा। सम्मान के प्रमुख श्रेणियाँ होंगी —

  • पक्षी सेवा सहयोगी सम्मान
  • सीमेंट बेंच सहयोगकर्ता सम्मान
  • वीरता पुरस्कार
  • बेटी अनमोल रत्न अवॉर्ड
  • नए सदस्य सम्मान

संस्थान की जिला महामंत्री ममता सैनी एवं जिला कोषाध्यक्ष रजनी शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने हेतु एक संयोजक मंडल का गठन किया गया है, जिसे आयोजन की सम्पूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। मीटिंग के दौरान बबीता चौहान और रानी गोयल को सरप्राइज गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया।

बैठक में उपस्थित प्रमुख महिलाएं रहीं —डॉ. कुसुम गुप्ता, ममता सैनी, महादेवी वर्मा, रजनी गुप्ता, सीमा गुप्ता, बबीता चौहान, प्रसून अग्रवाल, वीना गुर्जर, रेनू गोयल, रानी गोयल, सुनीता अग्रवाल, आशा सिंघल, लक्ष्मी जोशी, कोमल लखवानी, गायत्री जोशी, नीलम जैन, सोनम सिंघल, सीमा सिंघल, पुष्पा बंसल, प्रतिभा अग्रवाल सहित कई अन्य सदस्याएं।