डीजल-पेट्रोल के दामों को कम करें, किसानों को डीजल पर 50 प्रतिशत सब्सिडी जारी करें

गंगापुर सिटी। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल अम्बावता के निर्देशानुसार प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र वैद्य के नेतृत्व में उपजिला कलेक्टर विजेन्द्र मीना को जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर पेट्रोल-डीजल के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि का विरोध दर्ज कराया।
ज्ञापन में बताया कि भारत सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दामों में गत एक माह में बेतहाशा वृद्धि कर किसानों व मजदूरों की कमर तोड़ दी। इसका भार किसानों व मजदूरों को उठाना पड़ रहा है। सभी आम उपभोग की वस्तुएं महंगी हो गई है। किसानों के उपयोग की वस्तुओं में वृद्धि कर दी है जबकि किसान के उत्पाद का मूल्य बहुत कम है। ऐसी स्थिति में किसानों के उत्पाद का सही मूल्य प्राप्त नहीं होने से किसानों पर अत्यधिक भार पड़ रहा है।
महामहिम राष्ट्रपति से अनुरोध किया कि यह देश कृषि प्रधान देश है। यहां के किसान देश की रीढ़ की हड्डी है। यदि किसानों पर अत्यधिक भार बढ़ गया तो किसान को बडा नुकसान होगा।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि पेट्रोल-डीजल के बढ़ाए गए दामों को कम किया जाए। वहीं किसानों को डीजल पर 50 प्रतिशत सब्सिडी जारी करने की मांग की है।
कोरोना महामारी से ग्रसित किसान व मजदूर वर्ग का इलाज मुफ्त किया जाए, जिससे उन्हें राहत मिल सके।
ज्ञापन देने वालों में संगठन के संरक्षक पूर्व जिला प्रमुख पंखीलाल मीना, प्रदेश महासचिव मिट्टू सिंह गुर्जर, प्रदेश सचिव जितेन्द्र फागना, जिलाध्यक्ष लीलाराम मीना, जिला महासचिव छुट्टनलाल बैरवा, जिला युवा अध्यक्ष सोनू मिश्रा, प्रदेश कार्य समिति सदस्य अशोक तिवाड़ी, गंगापुर तहसील अध्यक्ष साजिद अहमद सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।

पल-पल की खबर से अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें…