खाद की कालाबजारी के विरोध में किसानों के साथ रास्ता जाम कर रहे दो भाजपा नेता गिरफ्तार, जमानत पर रिहा

गंगापुर सिटी। सवाईमाधोपुर मेगा हाईवे पर शुक्रवार को किसानों को खाद नहीं मिलने एवं खाद विक्रेताओं द्वारा खाद की कालाबजारी करने के विरोध में किसानों के साथ रास्ता जाम कर रहे भाजयुमों के जिलाध्यक्ष नागेश राज लोढ़ी व भाजपा तलावडा मण्डल अध्यक्ष व जिला परिषद सदस्य पुखराज सलेमपुर को पुलिस ने शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर एसडीएम के यहां पेश किया, जहां से उपजिला कलक्टर ने मुचलकों पर दोनों भाजपा नेताओं को रिहा कर दिया। भाजपाईयों ने इसे पुलिस की दमनात्मक कार्रवाही बताते हुए किसानों को खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।

पूर्व विधायक ने भाजपा कार्यकर्ताओ की गिरफ्तारी पर जताया आक्रोश
पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने कहा कि खाद आपूर्ति मांग को लेकर किसानों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर सदर थाना गंगापुर सिटी में पुलिस गिरफ्त में ले गई। जो निंदनीय है अपनी जायज मांग खाद आपूर्ति को लेकर निहत्थे किसानों पर लाठीचार्ज कर आवाज को दबाने की नाकाम कोशीश की। भाजपा कार्यकर्ता इन सरकारी लाठियों से डरने वाले नहीं है, किसान अब जाग चुके हैं। खाद उपलब्ध नहीं कराया जाएगा तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि खाद की माँग को लेकर आंदोलन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ़्तारी राजस्थान की गहलोत सरकार को महँगी पड़ेगी। यह नाकारा सरकार कार्यकर्ताओं की आवाज़ दबाना चाहती है। लेकिन भाजपा के कार्यकर्ता दबने वाले नही हैं।
गंगापुर सिटी। धरना प्रदर्शन में भाग लेते दोनो भाजपा नेता एवं जमानत के लिए उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में बैठे भाजपा नेता