अपना घर आश्रम भरतपुर का किया भ्रमण, प्रभुजियों से मिल भाव विभोर हुए सदस्य

गंगापुरसिटी। अपना घर सेवा समिति गंगापुरसिटी की पुरुष व महिला इकाई के तत्वावधान में यात्रियों के एक दल ने भरतपुर स्थित अपना घर आश्रम का भ्रमण किया। रविवार सुबह प हरी झंडी दिखा कर पुरानी अनाज मंडी से यात्रियों की दो बस को रवाना किया गया। दल में 130 यात्री शामिल थे। समिति के सचिव शिवनारायण गुप्ता ने बताया कि सबसे पहले यात्री हिण्डौनसिटी स्थित अपना घर आश्रम पर पहुंचे। यहां पर करीब 76 असहाय बीमार प्रभुजियों के दर्शन कर उनको अल्पहार कराया। साथ ही आश्रम की व्यवस्थाएं देखी। आश्रम पर जाने वाले यात्रियों की ओर से प्रभु जी की व्यवस्थाओं के लिए सामग्री व नकद राशि सहयोग स्वरूप प्रदान की । साथ ही समिति की ओर से प्रभुजियों की भोजन व्यवस्था एवं आश्रम की आजीवन सदस्यता भी ग्रहण की गई। इसके बाद यात्रियों ने भरतपुर आश्रम पहुंचकर आश्रम का भ्रमण कर प्रभुजियों से मुलाकात कर वार्ता की। कुछ सदस्य तो प्रभु जी से मिलकर भाव विभोर हो गए।

संस्था के संस्थापक डॉ. बी. एम. भारद्वाज के सानिध्य में आश्रम के सभागार में सभा का आयोजन किया गया। आश्रम के वक्ताओं द्वारा दिए गए उद्बोधन से सभी लोग लाभान्वित हुए। इसके बाद आश्रम पर रहने वाले प्रभुजियों की सेवा एवं व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए सभी ने स्वेच्छा अनुसार सामग्री व सहयोग राशि प्रदान कर पुण्य लाभ कमाया। यात्रा संयोजक सुनील विजयवर्गीय व सह संयोजक नितेश मोदी के नेतृत्व में यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण हुई।