Weather Forecast: उत्तर भारत में बारिश ने बढ़ाई ठंड, IMD का अलर्ट, इन राज्यों में फिर होगी बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश में 3 डिग्री तक पारा गिरने की आशंका है, वहीं 10 से ज्यादा राज्यों में बारिश के आसार हैं

Weather Forecast: उत्तर भारत इन दिनों भीषण सर्दी के चलते लोग अपने घरों में कैद है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार को दिन भर बादल छाए रहे, जबकि कुछ हिस्सों में बारिश भी देखने को मिली। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कुछ इलाकों में बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

चार राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने 13 जनवरी तक 4 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भारी बारिश हो सकती है। वहीं दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में ठंड, कोहरा और बारिश की संभावना है। IMD ने कई राज्यों में बारिश की भविष्यवाणी करते हुए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने जानकारी दी है कि 13 जनवरी से देश के पूर्वी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। यह पश्चिमी विक्षोभ देश के मध्य और पूर्वी हिस्सों की ओर बढ़ेगा और भारी बारिश का कारण बनेगा। ओडिशा के लिए 12 जनवरी की रात के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

READ MORE: पीएम मोदी की मुख्‍यमंत्रियों को सलाह, कहा- पाबंदियां लगाते समय लोगों की आजीविका पर भी करें गौर, दिए कई निर्देश

दिल्ली में बारिश के कारण बढ़ी ठंड

उत्तर भारत समेत दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर शुरू हो चुकी है और कड़ाके की ठंड बरकरार है. बीते कुछ दिनों में जो बारिश हुई थी उसके बाद से तापमान में गिरावट आनी शुरू हो गई है. आज (13 जनवरी) का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है आने वाले दिनों में ये और भी गिर सकता है.

उत्तराखंड की बर्फ से ढकी पहाड़ियां

उत्तराखंड में रुक-रुककर हो रही बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है। ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। भारी बर्फबारी के कारण पर्यटकों को औली जाने से रोका जा रहा है। वहीं गंगोत्री और यमुनोत्री सड़कों पर बर्फ हटाने का काम जारी है। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में चार फुट मोटी बर्फ जम गई है। दुर्गम क्षेत्रों में भी कई गांवों का संपर्क कट गया है।

READ MORE: खबरें सवाईमाधोपुर जिले से- 13.01.2022

हिमाचल में भी भारी बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी और बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। आदिवासी जिलों में लोग अपने घरों में कैद हैं। दूध और ब्रेड सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी बाधित है। 1757 से ज्यादा ट्रांसफार्मर खराब हो चुके हैं। बर्फबारी के कारण अलग-अलग इलाकों में करीब 250 बसें फंसी हुई हैं। सड़कों से बर्फ हटाने के लिए मशीनरी लगाई गई है।