जम्मू-कश्मीर. रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर के यात्रा मार्ग पर 26 अगस्त को हुए भूस्खलन में 34 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। यह हादसा अर्धकुंवारी के पास इंद्रप्रस्थ भोजनालय के समीप हुआ, जहां भारी बारिश के कारण पहाड़ खिसक गया।
इस हादसे में मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव भीलखेड़ी से गए सात श्रद्धालु भी प्रभावित हुए। इनमें से एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, तीन घायल हैं और दो अब भी लापता हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भीलखेड़ी पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सोशल मीडिया पर घटना की पुष्टि करते हुए शोक व्यक्त किया। मृतकों में फकीर चंद गुर्जर (50) और सोहन बाई (47) शामिल हैं। घायल श्रद्धालुओं में रतनबाई (65), देवीलाल (45) और ममता (30) हैं, जबकि परमानंद (29) और अर्जुन (28) लापता हैं।
भूस्खलन के बाद वैष्णो देवी यात्रा को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन, NDRF और सेना की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
