
नांदेड़ में 200 लोग फंसे, सेना ने संभाला मोर्चा
मुंबई और महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुंबई, ठाणे, पालघर और नवी मुंबई में सड़कों पर जलभराव से हालात बिगड़े हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ठाणे और पालघर जिलों में 18–19 अगस्त के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसी कारण स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी कर दी गई है।
नांदेड़ जिले में 200 से ज्यादा लोग फंसे, जिन्हें निकालने के लिए सेना बुलाई गई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुष्टि की कि अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है।
Read More: अब इंसान नहीं, रोबोट बनेगा मां! सिर्फ कुछ महीनों में मिलेगा बच्चे का सुख
मुंबई के अंधेरी और बोरीवली में तीन घंटे में 50 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। बोरीवली से चर्चगेट तक बारिश और तेज होने की संभावना जताई गई है। कल्याण के जय भवानी नगर में पहाड़ी खिसकने के बाद लोगों को नजदीकी स्कूल में शिफ्ट किया गया। राहत-बचाव कार्य में सेना और एनडीआरएफ लगी हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रत्नागिरी, रायगढ़ और हिंगोली जिलों में भी बारिश ने नुकसान पहुंचाया है। विदर्भ क्षेत्र में लगभग दो लाख हेक्टेयर फसल बर्बाद हुई और 800 गांव प्रभावित हुए। मुंबई में 8 घंटे में 170 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई जगह जलभराव हुआ।
शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने बीएमसी और सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के कारण मुंबई की सड़कों की हालत खराब है और जनता परेशान हो रही है।
आज सुबह 9:17 बजे समुद्र में 3.74 मीटर ऊंची लहरें उठेंगी। हाई टाइड और बारिश साथ आने से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं।
