एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मार गिराया गया।
काबुल/इस्लामाबाद: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अफगान मीडिया में दावा किया गया कि एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मार गिराया गया। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, विमान अफगान हवाई सीमा में दाखिल हुआ था। अफगान सुरक्षा बलों ने उसे निशाना बनाया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी शेयर किया गया। लेकिन स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं की जा सकी है।
किस विमान को लेकर दावा
बताया जा रहा है कि पाकिस्तान मुख्य रूप से F-16 Fighting Falcon और JF-17 Thunder का इस्तेमाल करता है।
मीडिया रिपोर्ट में F-16 गिराए जाने का जिक्र है। हालांकि पाकिस्तान सरकार या सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ। अफगान पक्ष ने भी स्थान और इस्तेमाल हथियार की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
खुली जंग जैसे हालात
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने हाल में कहा था कि हालात ‘खुली जंग’ जैसे हैं। उन्होंने अफगान तालिबान पर भारत का ‘प्रॉक्सी’ होने का आरोप लगाया। इसके बाद शुक्रवार तड़के काबुल, कंधार और पक्तिया में हवाई हमलों की खबर आई।
जबीहुल्लाह मुजाहिद ने हमलों की पुष्टि की, लेकिन बड़े नुकसान से इनकार किया।
डूरंड लाइन पर बढ़ी झड़पें
अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने डूरंड लाइन के पास पाकिस्तानी ठिकानों को निशाना बनाया। कुछ चौकियों पर कब्जे का दावा भी किया गया। पाकिस्तान ने इन दावों को खारिज किया है। संयुक्त राष्ट्र मिशन ने भी हालिया घटनाओं पर चिंता जताई है। दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की गई है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण है। दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र पुष्टि का इंतजार है।
Read More :- दिल्ली शराब घोटाला: केजरीवाल और सिसोदिया बरी, कोर्ट ने CBI की दलीलें ठुकराईं
