सरकारी क्वार्टर में डॉक्टर का सुसाइड, वॉट्सएप स्टेटस बना आखिरी संदेश

केकड़ी जिला अस्पताल के सरकारी क्वार्टर जहां डॉक्टर का शव मिला
केकड़ी जिला अस्पताल के क्वार्टर में फंदे से लटका मिला डॉक्टर का शव

केकड़ी जिला अस्पताल के चर्म रोग विशेषज्ञ ने लगाई फांसी, FSL जांच में जुटी पुलिस

अजमेर जिले में मंगलवार को दर्दनाक घटना सामने आई। केकड़ी जिला अस्पताल में तैनात एक डॉक्टर ने अपने सरकारी क्वार्टर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान डॉ. अशोक कुमार मीणा (35) के रूप में हुई है। वे मूल रूप से देवली, टोंक के राजकोट गांव के निवासी थे। पिछले एक साल से केकड़ी जिला अस्पताल में चर्म रोग विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत थे।

आखिरी वॉट्सएप स्टेटस

डॉक्टर ने सुबह 10:37 बजे वॉट्सएप पर स्टेटस लगाया था। उसमें लिखा था- “मरीज नहीं देखे जाएंगे, अनावश्यक कॉल न करें।” इसके कुछ घंटों बाद उनका शव फंदे से लटका मिला।

ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो हुई तलाश

जिला अस्पताल के पीएमओ नवीन जांगिड़ के अनुसार डॉ. मीणा की ड्यूटी दोपहर 2 बजे से थी। वे 2:30 बजे तक अस्पताल नहीं पहुंचे। सोमवार को उनकी तबीयत खराब थी और वे छुट्टी पर थे। स्टाफ ने उन्हें कॉल किया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद कर्मचारियों को अस्पताल के पीछे स्थित सरकारी क्वार्टर पर भेजा गया।

खिड़की से दिखा शव

कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब नहीं मिला। एक कर्मचारी ने खिड़की की दरार से अंदर देखा तो डॉक्टर का शव फंदे पर लटका था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और शव को नीचे उतारकर मॉर्च्युरी में रखवाया।

क्वार्टर सील, जांच जारी

घटना की सूचना पर एएसपी राजेश कुमार मील और सिटी थानाधिकारी अनिल शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्वार्टर को सील कर दिया है। FSL टीम को भी बुलाया गया है। क्वार्टर से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस परिजनों की मौजूदगी में विस्तृत तलाशी करेगी।

परिवार दिल्ली में

डॉ. अशोक क्वार्टर में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी दिल्ली में प्रोफेसर हैं। घटना के समय वे दिल्ली में ही थीं। 10 फरवरी को उनकी दूसरी शादी की सालगिरह थी। अब पुलिस सुसाइड के कारणों की जांच कर रही है। अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो मदद लेना जरूरी है। अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या हेल्पलाइन से संपर्क करें।

Read More :- घर की डिग्गी में मिली ढाई महीने की मासूम, सुबह बिस्तर से गायब हुई थी अंजना