रेलवे का बड़ा फैसला, इन ट्रेनों में नहीं मिलेगा RAC टिकट

रेलवे ने अमृत भारत एक्सप्रेस में RAC टिकट खत्म कर किराए में बदलाव किया है। नए नियम जनवरी 2026 से लागू होंगे।
अमृत भारत एक्सप्रेस में RAC टिकट व्यवस्था खत्म

अमृत भारत एक्सप्रेस में किराया बदला, यात्रियों के लिए नए नियम लागू

भारतीय रेलवे लगातार अपनी यात्री सेवाओं को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इसी क्रम में रेलवे ने अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले के तहत अब इन ट्रेनों में RAC टिकट की सुविधा नहीं मिलेगी। इसके साथ ही किराए की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।

जनवरी 2026 से लागू होंगे नए नियम

रेलवे बोर्ड के अनुसार, नई अमृत भारत II एक्सप्रेस ट्रेनें जनवरी 2026 से या उसके बाद शुरू की जाएंगी। ये ट्रेनें नॉन-एसी होंगी। साथ ही लंबी दूरी की यात्रा को सस्ती, सुरक्षित और आरामदायक बनाने पर फोकस करेंगी। गर्मी की छुट्टियों में इन ट्रेनों से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

किराए में हुआ बदलाव

रेलवे ने नई अमृत भारत ट्रेनों के लिए न्यूनतम दूरी भी तय कर दी है। स्लीपर क्लास के लिए न्यूनतम दूरी 200 किलोमीटर रखी गई है। वहीं, सेकंड क्लास के लिए यह दूरी 50 किलोमीटर तय की गई है।
रेलवे के अनुसार, स्लीपर क्लास का बेसिक किराया 200 किलोमीटर तक के सफर के लिए 149 रुपये होगा। दूसरी ओर, सेकंड क्लास का किराया 50 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए 36 रुपये तय किया गया है।

अन्य चार्ज अलग से लगेंगे

रेलवे बोर्ड ने साफ किया है कि रिजर्वेशन चार्ज, सुपरफास्ट सरचार्ज और अन्य लागू शुल्क अलग से लिए जाएंगे। किराए को मौजूदा नियमों के अनुसार राउंड ऑफ किया जाएगा।

RAC टिकट की व्यवस्था खत्म

सबसे बड़ा बदलाव टिकटिंग सिस्टम में किया गया है। अब नई अमृत भारत ट्रेनों के स्लीपर क्लास में RAC टिकट जारी नहीं होंगे। यानी कन्फर्म बर्थ के बिना यात्रा संभव नहीं होगी। हालांकि, अनारक्षित सेकंड क्लास के टिकट पहले की तरह जारी किए जाते रहेंगे।

लोअर बर्थ पॉलिसी में राहत

रेलवे ने लोअर बर्थ को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को, जहां संभव होगा, लोअर बर्थ दी जाएगी। वहीं, 60 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुष और 45 वर्ष से अधिक उम्र की महिला यात्रियों को प्राथमिकता के आधार पर लोअर बर्थ देने की कोशिश की जाएगी।

इन रूट्स पर चलेंगी नई ट्रेनें

नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें अलीपुरद्वार-बेंगलुरु, अलीपुरद्वार-पनवेल, न्यू जलपाईगुड़ी-नागरकोइल और न्यू जलपाईगुड़ी-तिरुचिरापल्ली रूट पर चलेंगी। इससे कई राज्यों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

Read More :- मुंबई का अगला मेयर कौन? BMC में बहुमत के बाद भी सियासी सस्पेंस