दिन में मेला, रात में कत्ल: बांदा में सिपाही ने कुल्हाड़ी से मासूम बेटी की हत्या की

Banda constable accused of killing daughter after domestic dispute
बांदा में सिपाही की खौफनाक वारदात से इलाके में दहशत

घरेलू विवाद बना खूनी वारदात, पत्नी को गंभीर हालत में छोड़ यमुना में कूदने की आशंका

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के मरका कस्बे से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सिपाही ने घरेलू विवाद के चलते अपनी ही तीन वर्षीय मासूम बेटी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी, जबकि पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह खौफनाक वारदात बुधवार देर रात की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।

आरोपित सिपाही गौरव कुमार मरका थाने की डायल-112 वाहन में चालक के पद पर तैनात था। वह कस्बे में किराए के मकान में अपनी 32 वर्षीय पत्नी शिवानी और तीन साल की बेटी परी के साथ रहता था। जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर वह पत्नी और बच्ची को मकर संक्रांति के मेले में घुमाने ले गया था। लौटने के बाद रात करीब नौ बजे किसी घरेलू विवाद को लेकर उसने अचानक कुल्हाड़ी से पत्नी और बेटी पर हमला कर दिया।

चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। दोनों घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान मासूम परी की मौत हो गई, जबकि पत्नी को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है।

वारदात के बाद आरोपी कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गया। पुलिस को उसका मोबाइल फोन यमुना नदी के किनारे मिला है, जिससे उसके नदी में कूदने की आशंका जताई जा रही है। सीओ बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की टीम आरोपी की तलाश में जुटी है।

Read More: Makar Sankranti 2026: पाकिस्तान में पतंगबाजी क्यों है अपराध, उड़ाई तो हो सकती है जेल?