🇮🇳 भारत ने दोहराया समर्थन, कहा- लोकतांत्रिक बांग्लादेश के साथ खड़ा रहेगा
Bangladesh Chunav Result 2026 में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) को आम चुनाव में निर्णायक जीत मिली है। इसके बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान को जीत की बधाई दी है।पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी किया। उन्होंने लिखा कि यह जीत बांग्लादेश की जनता का आपके नेतृत्व पर भरोसा दर्शाती है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत एक लोकतांत्रिक और प्रगतिशील बांग्लादेश के समर्थन में हमेशा खड़ा रहेगा।
मोदी का संदेश और द्विपक्षीय रिश्ते
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने साझा विकास लक्ष्यों पर साथ काम करने की इच्छा जताई। यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल के महीनों में दोनों देशों के संबंधों में कुछ तल्खी देखी गई थी। हालांकि भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि वह बांग्लादेश की स्थिरता और प्रगति का समर्थक है।
बीएनपी को मिला स्पष्ट बहुमत
बांग्लादेशी मीडिया के अनुसार 300 सदस्यीय संसद में बीएनपी ने 151 से अधिक सीटें जीत ली हैं। हालांकि निर्वाचन आयोग की औपचारिक घोषणा अभी बाकी है। यह चुनाव अवामी लीग के मैदान में नहीं होने के कारण बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के बीच सीधी टक्कर माना गया। मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार पिछले 18 महीने से सत्ता में थी।
चुनाव प्रक्रिया और सुधार पैकेज
इस बार चुनाव 84 सूत्री सुधार पैकेज के साथ कराया गया। इसे ‘जुलाई राष्ट्रीय घोषणापत्र’ भी कहा गया। गुरुवार सुबह 7:30 बजे मतदान शुरू हुआ और शाम 4:30 बजे समाप्त हुआ। एक सीट पर उम्मीदवार की मृत्यु के कारण मतदान रद्द करना पड़ा। सुरक्षा के लिए लगभग 10 लाख कर्मियों की तैनाती की गई। यह देश के इतिहास की सबसे बड़ी सुरक्षा तैनाती मानी जा रही है।
तारिक रहमान बन सकते हैं अगले पीएम
बीएनपी ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि जीत की स्थिति में तारिक रहमान प्रधानमंत्री बनेंगे। वह पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के पुत्र हैं। करीब 17 वर्षों के आत्मनिर्वासन के बाद वह पिछले साल दिसंबर में बांग्लादेश लौटे थे। चुनाव जीत के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं से जश्न के बजाय दुआ करने की अपील की।
