बांग्लादेश में एक और हिंदू युवक की हत्या, पेट्रोल पंप पर कार चढ़ाकर ली जान

Bangladesh Rajbari Hindu youth killed at petrol pump
बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में पेट्रोल पंप पर काम करने वाले हिंदू युवक की हत्या के बाद जांच करती पुलिस

राजबाड़ी जिले में ईंधन का पैसा मांगने पर युवक को कुचलने का आरोप, BNP नेता से जुड़ा मामला, पुलिस ने माना हत्या

बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की एक और गंभीर घटना सामने आई है। ताजा मामला राजबाड़ी जिले के सदर उपजिला का है, जहां एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाले हिंदू युवक रिपन साहा (30) की कथित तौर पर जानबूझकर कार से कुचलकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने न केवल इलाके में तनाव पैदा किया है, बल्कि देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिपन साहा गोलांदा मोड़ स्थित करीम फिलिंग स्टेशन में काम करता था। शुक्रवार को एक कार चालक ने पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान करने से इनकार कर दिया। जब रिपन ने पैसे मांगते हुए वाहन को रोकने की कोशिश की, तो आरोपी चालक ने कथित तौर पर जानबूझकर गाड़ी उसके ऊपर चढ़ा दी। गंभीर रूप से घायल रिपन की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और उसके मालिक अबुल हाशेम को गिरफ्तार किया गया है, जो बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की राजबाड़ी जिला इकाई का पूर्व कोषाध्यक्ष बताया जा रहा है। वहीं, वाहन चला रहे कमाल हुसैन को भी पुलिस ने बानिभान निपारा गांव से हिरासत में लिया है।

राजबाड़ी सदर थाने के प्रभारी अधिकारी खोंडकर जियाउर रहमान ने स्पष्ट किया कि यह कोई सड़क हादसा नहीं, बल्कि साफ तौर पर हत्या का मामला है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित वाहन के सामने खड़ा था और आरोपियों ने जानबूझकर उसे कुचलते हुए फरार होने की कोशिश की। मामले में हत्या का केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में फेनी जिले में हिंदू युवक समीर दास की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई थी। भारत ने 9 जनवरी को बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों पर गहरी चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई की उम्मीद जताई थी।

Read More :- तेज रफ्तार पिकअप से अलग हुई मिक्चर मशीन बनी काल, ऑटो से टक्कर में शिक्षिका की मौत