रंगभरनी एकादशी पर ठाकुर बांकेबिहारी की रंगों भरी होली, मंदिर में उमड़ा आनंद

वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में रंगों की होली खेलते श्रद्धालु
रंगभरनी एकादशी पर बांकेबिहारी मंदिर में भक्तों संग खेली गई रंगों की होली।

पिचकारी से बरसा रंग-प्रसाद, लाइव दर्शन से घर बैठे जुड़े श्रद्धालु

श्री बांकेबिहारी मंदिर में रंगभरनी एकादशी पर अद्भुत नजारा देखने को मिला। ठाकुर बांकेबिहारी ने भक्तों के साथ रंगों की होली खेली। मंदिर परिसर आनंद और उल्लास से सराबोर हो गया। सुबह आठ बजे जैसे ही मंदिर के पट खुले, श्वेत पोशाक में ठाकुर जी ने हुरियारे के रूप में दर्शन दिए। कमर में गुलाल की पोटली बंधी थी। भक्त जयकारों से गूंज उठे।

सेवायतों ने की रंगों की वर्षा

ठाकुर जी के प्रतिनिधि के रूप में सेवायतों ने पिचकारी से रंग बरसाए। श्रद्धालु रंग-प्रसाद में सराबोर हो गए। टेसू के फूलों से प्राकृतिक रंग कई दिनों से तैयार किए जा रहे थे। रंगभरनी एकादशी से पहले ही मंदिर में भीड़ बढ़ने लगी थी। सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।

लाइव प्रसारण से घर बैठे दर्शन

इस बार खास व्यवस्था भी की गई। सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति के निर्देश पर लाइव प्रसारण शुरू हुआ। मंदिर और आसपास लगी एलईडी स्क्रीन पर दर्शन दिखाए गए। दोपहर एक बजे से इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी सजीव प्रसारण शुरू किया गया। यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर ‘takurjishribankebihariji’ पेज से श्रद्धालु जुड़ सके। समिति सदस्य दिनेश गोस्वामी ने बताया कि यह व्यवस्था भक्तों की सुविधा के लिए की गई है। अब दूर-दराज के श्रद्धालु भी घर बैठे होली उत्सव का आनंद ले सकते हैं वृंदावन में वसंत पंचमी से ही होली का उत्सव शुरू हो जाता है।
लेकिन रंगभरनी एकादशी से यह उल्लास चरम पर पहुंच जाता है। हर ओर रंग, भक्ति और आनंद का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Read More :- चंडीगढ़ में बम धमकी से हड़कंप, स्कूल और सचिवालय खाली कराए गए