सीबीगंज से कोतवाली तक दहशत, बिना मुआवज़े की चेतावनी से लोग बोले – “कागज़ होते हुए भी डर”
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक साथ दो इलाकों में प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई ने सैकड़ों परिवारों और व्यापारियों की नींद उड़ा दी है। थाना सीबीगंज क्षेत्र में लगभग 300 घरों और दुकानों पर अचानक लाल निशान लगाए गए, जिससे पूरा इलाका दहशत में आ गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के प्रशासनिक टीम आई, दरवाजा खटखटाया और दीवारों पर निशान लगाकर चली गई।
स्थानीय निवासी लालमन सिंह ने बताया कि यह जमीन ग्राम सभा की है और कई लोगों के पास 1955 की रसीदें मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास मकान के पूरे कागजात हैं, फिर भी अचानक लाल निशान देखकर परिवार डर गया। वहीं, नगर क्षेत्र के कोतवाली इलाके में मुख्यमंत्री ग्रेड योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के कारण 60 साल पुरानी 50 से अधिक दुकानों पर भी बुलडोजर का खतरा मंडरा रहा है।
नगर निगम अभियंता राजीव कुमार राठी ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने के लिए लाल निशान लगाए गए हैं और किसी भी प्रकार का मुआवजा नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि लोग खुद अतिक्रमण नहीं हटाते, तो नगर निगम बुलडोजर कार्रवाई करेगा और उसका खर्च भी वसूला जाएगा।
दुकानदार संजीव अग्रवाल ने नाप को गलत बताते हुए आरोप लगाया कि विकास के नाम पर भेदभाव हो रहा है। व्यापारियों का कहना है कि वे विकास के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन निष्पक्ष और सही माप के साथ कार्रवाई चाहते हैं। फिलहाल बरेली में सैकड़ों परिवार भय और अनिश्चितता के साए में जी रहे हैं।
