12वीं बोर्ड परीक्षा देने आया छात्र अगवा, इलाके में मचा हड़कंप

बाड़मेर में 12वीं छात्र अगवा
बाड़मेर में 12वीं बोर्ड परीक्षा देने आए छात्र को स्कूल गेट से अगवा किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

राजस्थान के बाड़मेर में दिनदहाड़े वारदात

राजस्थान के बाड़मेर जिले से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। 12वीं बोर्ड परीक्षा देने आए एक छात्र को स्कूल के गेट के बाहर से चार बदमाशों ने अगवा कर लिया। यह वारदात दिनदहाड़े हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना की विवरण

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, छात्र को जबरन बोलेरो गाड़ी में बैठाया गया और रास्ते में उसके साथ गंभीर मारपीट की गई। हमलावरों ने उसे सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गए। कुछ राहगीरों ने घायल छात्र को देखा और पुलिस को सूचना दी। छात्र को तुरंत चौहटन अस्पताल में भर्ती कराया गया। इमरजेंसी उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे Barmer Medical College रेफर किया। वहां उसका सीटी स्कैन कराया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

वीडियो वायरल और लोगों में आक्रोश

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसमें छात्र को जबरदस्ती उठाकर ले जाते हुए बदमाश दिखाई दे रहे हैं। लोगों में गुस्सा बढ़ गया है। परीक्षा केंद्र के अधीक्षक भंवरलाल मायला ने बताया कि घटना के समय वे और कुछ कर्मचारी थाने गए हुए थे। मौजूद स्टाफ ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।

पुलिस जांच और सुरक्षा

यह वारदात बीजराड़ थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने कई टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। छात्र और उसके परिवार ने भी प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की मांग की है।

Read More :- राहुल गांधी से मिले ‘मोहम्मद दीपक’, बोले- तुम भारत के हीरो