25 फरवरी को खेली जाएगी लठमार होली, जानिए श्रद्धालुओं को कहां से मिलेगी एंट्री और कौन से रास्ते रहेंगे बंद
राधा-कृष्ण के प्रेम और परंपरा के रंग में डूबी बरसाना की विश्वप्रसिद्ध लठामार होली को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। इस वर्ष लठामार होली 25 फरवरी को खेली जाएगी, जबकि 24 फरवरी को लड्डू होली और 26 फरवरी को नंदगांव में लठामार होली का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने एंट्री रूट, निकासी मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है।
शुक्रवार को एडीएम प्रशासन डॉ. अमरेश कुमार और एसपी देहात सुरेश चंद रावत ने बरसाना पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राधारानी मंदिर मार्ग पर बेरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े निर्देश दिए। प्रशासन का दावा है कि इस बार व्यवस्थाएं पहले से ज्यादा बेहतर और सुरक्षित होंगी।
src: @aajtak
Barsana Holi: बरसाना में Lathmar Holi की शुरुआत, देखें वीडियो | Mathura | Barsana Ki Holi
राधारानी मंदिर का मार्ग रहेगा एकल
एसपी देहात ने बताया कि 24 फरवरी से राधारानी मंदिर का मार्ग एकल कर दिया जाएगा। श्रद्धालुओं को नया बस स्टैंड → हमारो प्यारो बरसाना गेट → बाग मोहल्ला → सुदामा चौक के रास्ते मंदिर में प्रवेश मिलेगा।
दर्शन के बाद जयपुर मंदिर मार्ग → जाटव मोहल्ला → यादव मोहल्ला तिराहा से बाहर निकाला जाएगा।
भीड़ बढ़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था
अधिक भीड़ होने की स्थिति में श्रद्धालुओं को गोवर्धन ड्रेन से कटारा पार्क होते हुए नया बस स्टैंड की ओर भेजा जाएगा। नया बस स्टैंड पर सभी श्रद्धालुओं के जूते-चप्पल उतरवाए जाएंगे। भीड़ नियंत्रण के लिए चार कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।
इन जगहों पर रहेगी सख्ती
- 23 फरवरी की शाम से बरसाना में वाहनों की एंट्री बंद
- लाडो द्वार से केवल गोस्वामी समाज को प्रवेश
- गहवर वन की परिक्रमा पूरी तरह बंद
- स्थानीय लोगों को आधार कार्ड दिखाकर प्रवेश मिलेगा
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे तय रूट और नियमों का पालन करें ताकि परंपरा और सुरक्षा दोनों बनी रहें।
