पंजाब के बठिंडा में भीषण सड़क हादसा, महिला पुलिसकर्मी समेत 5 की दर्दनाक मौत

Bathinda car accident killed five people
बठिंडा में भीषण सड़क हादसे में महिला पुलिसकर्मी समेत 5 की मौत

बठिंडा-मंसा हाईवे पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, मौके पर मची चीख-पुकार

पंजाब के बठिंडा जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। बठिंडा-मंसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव गुरथड़ी के पास तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने से गुजरात पुलिस की एक महिला सिपाही समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, गुजरात पुलिस में तैनात महिला पुलिसकर्मी अमिता अपने चार दोस्तों अंकुश, भरत, चेतन और सतीश के साथ फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर बठिंडा से गुजरात की ओर जा रही थीं। जैसे ही वाहन गांव गुरथड़ी के पास पहुंचा, तेज रफ्तार के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई।

गाड़ी के उड़ गए परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़े, लेकिन जब तक वे कार के पास पहुंचे, तब तक सभी पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

मौके पर मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की मुख्य वजह तेज रफ्तार प्रतीत हो रही है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल बठिंडा में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

इस दर्दनाक हादसे से न केवल पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है, बल्कि गुजरात पुलिस विभाग में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

Read More :- 39 साल की इस हसीना ने 17 साल बाद कबूली सर्जरी की सच्चाई, बोलीं– टूटी नाक का उड़ता था मजाक