बेंगलुरु के 4 पर्यटकों की बिहार में हत्या? हाथ बंधे मिले शव, एक ही परिवार के थे सभी

Bengaluru tourists found dead in Bihar
नालंदा की जैन धर्मशाला में मिले एक ही परिवार के चार शव

नालंदा की जैन धर्मशाला में रहस्यमयी मौत से मचा हड़कंप, SIT जांच शुरू, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

नालंदा में रहस्यमयी मौत से सनसनी

बिहार के नालंदा जिले में शुक्रवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। राजगीर स्थित दिगंबर जैन धर्मशाला के एक कमरे से चार पर्यटकों के शव बरामद किए गए। मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। सभी बेंगलुरु के रहने वाले थे और एक ही परिवार से संबंध रखते थे। रिश्ते में वे मां और बेटा-बेटी बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

हत्या या आत्महत्या, पुलिस के सामने बड़ा सवाल

पुलिस फिलहाल यह स्पष्ट नहीं कर पा रही है कि मामला सामूहिक आत्महत्या का है या फिर हत्या का। हालांकि, कुछ परिस्थितियां हत्या की आशंका को मजबूत कर रही हैं। जानकारी के मुताबिक, सभी शव छत के सहारे लटके हुए मिले। सभी के हाथ बंधे हुए थे। वहीं, पुरुष के मुंह पर सेलोटेप चिपका हुआ पाया गया। यही वजह है कि इस मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

कमरे की स्थिति ने बढ़ाई शंका

जिस कमरे से शव मिले, वह अंदर से बंद बताया जा रहा है। लेकिन पुलिस का कहना है कि उस कमरे को चाभी से बाहर से भी बंद या खोला जा सकता था। ऐसे में यह संभावना भी जताई जा रही है कि कोई तीसरा व्यक्ति कमरे में आया हो। बदबू आने के बाद जब दरवाजा खोला गया, तब इस खौफनाक दृश्य का खुलासा हुआ।

मौके से मिले नकदी और दवाएं

पुलिस जांच में कमरे से एक लाख 18 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। इसके अलावा मृतकों के सामान से बड़ी मात्रा में नींद की दवाएं भी मिली हैं। पुलिस के अनुसार, करीब 25 पत्ता स्लीपिंग पिल्स बरामद हुई हैं। यही वजह है कि जहर या दवा से मौत की आशंका पर भी जांच की जा रही है।

SIT गठित, मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम

मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT का गठन किया गया है। पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल बोर्ड बनाया गया है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। साथ ही, दो सदस्यीय जांच टीम को बेंगलुरु भेजा जा रहा है ताकि पारिवारिक और आर्थिक पहलुओं की जांच हो सके।

मृतकों की पहचान हो चुकी

पुलिस ने चारों मृतकों की पहचान कर ली है। इसमें जीआर सुमंगला (78), शिल्पा जीआर (48), श्रुथा जीबी (43) और जीआर नागा प्रसाद (50) शामिल हैं। सभी कर्नाटक के बेंगलुरु के निवासी थे।

CCTV और पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

फिलहाल पुलिस किसी नतीजे पर पहुंचने से बच रही है। धर्मशाला के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कर्नाटक पुलिस से भी संपर्क किया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल सबूतों के आधार पर ही यह तय हो पाएगा कि यह सामूहिक आत्महत्या थी या एक सोची-समझी हत्या।

Read More :- फोन ही बन गया दोस्त, परिवार से टूटा रिश्ता! मोबाइल की कैद में कैसे फंसते जा रहे बच्चे