सुवेंदु अधिकारी को ममता बनर्जी की दोनों सीटों नंदीग्राम और भबानीपुर से टिकट, केरल में भी 47 उम्मीदवारों की घोषणा
बंगाल चुनाव के लिए BJP की पहली सूची जारी
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी है. इस सूची में 144 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं. पार्टी ने बड़े राजनीतिक दांव के तहत नेता सुवेंदु अधिकारी को दो सीटों नंदीग्राम और भबानीपुर से मैदान में उतारा है. ये दोनों सीटें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से जुड़ी मानी जाती हैं. भाजपा का यह फैसला बंगाल की राजनीति में बड़ा संदेश देने वाला माना जा रहा है. पार्टी का लक्ष्य सीधे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनौती देना बताया जा रहा है.
नंदीग्राम में पहले भी ममता को हरा चुके हैं सुवेंदु
सुवेंदु अधिकारी ने 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराया था. उस हार के बाद ममता बनर्जी ने भबानीपुर सीट से उपचुनाव जीतकर विधानसभा में वापसी की थी. भबानीपुर को तृणमूल कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता है. ममता बनर्जी 2011 से 2021 तक लगातार इसी सीट से विधायक रही हैं. ऐसे में भाजपा द्वारा सुवेंदु अधिकारी को इन दोनों सीटों से टिकट देना चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना सकता है.
कई प्रमुख नेताओं को भी मिला टिकट
भाजपा ने डायमंड हार्बर से दीपक कुमार हालदार को उम्मीदवार बनाया है. यह इलाका तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी का लोकसभा क्षेत्र है. फिलहाल यहां से टीएमसी के पन्नालाल हलदर विधायक हैं. इसके अलावा भाजपा ने पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष को खड़गपुर सदर सीट से टिकट दिया है. पार्टी ने कई नए चेहरों के साथ कुछ पुराने नेताओं पर भी भरोसा जताया है.
केरल में भी उम्मीदवारों की घोषणा
भाजपा ने बंगाल के साथ-साथ केरल विधानसभा चुनाव के लिए भी अपनी पहली सूची जारी की है. केरल की 140 विधानसभा सीटों में से 47 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं. पार्टी ने केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को नेमोम सीट से उम्मीदवार बनाया है. चंद्रशेखर 2024 के लोकसभा चुनाव में तिरुवनंतपुरम सीट से कांग्रेस नेता शशि थरूर से हार गए थे. अब पार्टी उन्हें विधानसभा चुनाव में मौका दे रही है.
बंगाल में लगातार तीसरी बार से अधिक समय से सत्ता में TMC
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी पिछले तीन कार्यकाल से मुख्यमंत्री हैं. वह पिछले लगभग 14 साल से राज्य की सत्ता संभाल रही हैं. अगर 2026 के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस जीतती है तो ममता बनर्जी लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बन सकती हैं. ऐसा करने वाली वह देश की पहली महिला मुख्यमंत्री होंगी. हालांकि तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता पांच बार मुख्यमंत्री रह चुकी हैं, लेकिन उनके कार्यकाल लगातार नहीं थे.
केरल में वाम मोर्चा की सरकार
केरल देश का ऐसा राज्य है जहां फिलहाल वामपंथी गठबंधन यानी लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट की सरकार है. यहां लंबे समय से सत्ता बदलने की परंपरा रही है. हालांकि 2021 में वाम मोर्चा ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल कर इस परंपरा को तोड़ दिया था. इस बार कांग्रेस गठबंधन एंटी-इनकम्बेंसी को मुद्दा बनाकर चुनाव में उतर रहा है. वहीं भाजपा अब तक केरल में एक भी विधानसभा सीट नहीं जीत पाई है, लेकिन हाल के चुनावों में पार्टी का प्रभाव बढ़ता दिखा है.
चुनाव आयोग ने बढ़ाई निगरानी
चुनाव आयोग ने बताया कि चुनावी राज्यों में निगरानी के लिए बड़ी संख्या में टीमें तैनात की गई हैं. आयोग ने 5,173 से ज्यादा फ्लाइंग स्क्वॉड बनाए हैं ताकि किसी भी शिकायत पर 100 मिनट के भीतर कार्रवाई हो सके. इसके अलावा 5,200 से ज्यादा स्टैटिक सर्विलांस टीमें भी तैनात की गई हैं. पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा. केरल और असम में 9 अप्रैल को एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे. तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होगा और सभी राज्यों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे.
