भाजपा अध्यक्ष चुनाव: नितिन नबीन का नामांकन, शाह-राजनाथ पहुंचे मुख्यालय; निर्विरोध चुना जाना तय

BJP national president election nomination
भाजपा अध्यक्ष चुनाव के दौरान नितिन नबीन का नामांकन

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में शुरू हुई प्रक्रिया, पत्नी दीपमाला बोलीं– पार्टी को हीरे की परख

भारतीय जनता पार्टी को जल्द ही नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने वाला है। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। वे आज भाजपा मुख्यालय में नामांकन दाखिल कर रहे हैं। इस मौके पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी ने यह संकेत दे दिया है कि नितिन नबीन का निर्विरोध चुना जाना तय है। नामांकन की प्रक्रिया पार्टी हेडक्वार्टर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नितिन गडकरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में शुरू हुई। सभी नेताओं ने चुनाव अधिकारी को नितिन नबीन के समर्थन में प्रस्ताव पत्र सौंप दिए हैं।

शाम तक साफ हो जाएगी तस्वीर

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार शाम 4 बजे से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद शाम 5 बजे से 6 बजे तक नाम वापस लेने का समय तय किया गया है। यदि कोई दूसरा उम्मीदवार नामांकन नहीं करता है, तो चुनाव अधिकारी नितिन नबीन को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर देंगे। हालांकि अगर कोई अन्य दावेदार सामने आता है, तो 20 तारीख को मतदान कराया जाएगा।

पत्नी दीपमाला का भावुक बयान

नितिन नबीन की पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव ने इस मौके पर कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को काम करने वाले व्यक्ति की पहचान होती है। उन्होंने कहा कि हीरे की परख जौहरी को ही होती है और पार्टी ने सही व्यक्ति को चुना है। उनके अनुसार नितिन नबीन ने पार्टी के लिए दिन-रात मेहनत की है और अब उसी मेहनत का फल उन्हें मिल रहा है।

सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की संभावना

अगर नितिन नबीन राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाते हैं, तो वे भाजपा के इतिहास में सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। अब तक पार्टी में 11 नेता इस पद पर रह चुके हैं। इनमें लालकृष्ण आडवाणी तीन बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बने, जबकि राजनाथ सिंह ने दो बार यह जिम्मेदारी निभाई है।

पिछले महीनों में निर्विरोध चुनाव की परंपरा

बीते छह महीनों में भाजपा में निर्विरोध चुनाव का सिलसिला देखने को मिला है। जुलाई में मध्य प्रदेश में हेमंत खंडेलवाल, दिसंबर में उत्तर प्रदेश में पंकज चौधरी और जनवरी में झारखंड में आदित्य साहू को प्रदेश अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया था।

कैसे होता है भाजपा अध्यक्ष का चुनाव

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद करती है। इसमें करीब 5,708 सदस्य शामिल होते हैं, जिनमें राष्ट्रीय परिषद और सभी राज्य परिषदों के सदस्य होते हैं। लेकिन जब केवल एक ही नामांकन होता है, तो मतदान की जरूरत नहीं पड़ती।

Read More :- झारखंड की गली-गली में सक्रिय बच्चा चोर गैंग का पर्दाफाश, अंश-अंशिका केस के बाद 12 बच्चे बरामद