बजट जन-कल्याणकारी और दूरदर्शी: भाजपा; कहा- मूल उद्देश्य गरीब कल्याण, किसान उत्थान और युवाओं का भविष्य मजबूत करना

BJP press conference on Budget 2026 Gangapur City
गंगापुर सिटी में केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते भाजपा नेता

केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. गंगापुर सिटी में भाजपा जिला सवाई माधोपुर की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बजट को जन-कल्याणकारी, समावेशी और दूरदर्शी बताया गया. कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर, जिला मोर्चा प्रभारी जमनालाल वैष्णव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे.

गरीब, किसान और मातृशक्ति पर फोकस
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने कहा कि इस बजट का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है. उन्होंने बताया कि गरीबों के कल्याण, किसानों के उत्थान, मातृशक्ति के सम्मान और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की स्पष्ट झलक इस बजट में दिखाई देती है.

आत्मनिर्भर भारत की सोच को मजबूती
मानसिंह गुर्जर ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत के विजन को आगे बढ़ाने वाला है. इसमें संरचनात्मक सुधारों, राजकोषीय अनुशासन और सतत निवेश पर विशेष जोर दिया गया है. साथ ही रोजगार सृजन, कृषि उत्पादकता बढ़ाने और आम परिवारों की क्रय शक्ति को मजबूत करने को प्राथमिकता दी गई है.

युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार का तालमेल
उन्होंने बताया कि बजट में शिक्षा को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए एक स्थायी समिति के गठन का प्रस्ताव रखा गया है. इसके माध्यम से टियर-2 और टियर-3 शहरों में व्यावसायिक संस्थानों द्वारा अल्पकालिक और व्यवहारिक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिससे प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होगा.

औद्योगिक और शैक्षणिक विकास को बढ़ावा
गुर्जर के अनुसार औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर के पास विश्वविद्यालय नगर समूह विकसित करने का प्रस्ताव बजट की बड़ी उपलब्धि है. इससे स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे.

निर्यात, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि पर जोर
उन्होंने कहा कि निर्यात को गति देने के लिए निर्यात प्रोत्साहन मिशन और वायु माल ढुलाई अवसंरचना के उन्नयन का प्रावधान किया गया है. वहीं ग्रामीण भारत के लिए खादी, हथकरघा और हस्तशिल्प को वैश्विक बाजार से जोड़ने की योजना बनाई गई है. किसानों के लिए तिलहन उत्पादन बढ़ाने के कदम भी बजट को संतुलित और विकासोन्मुख बनाते हैं. कुल मिलाकर भाजपा नेताओं ने इस बजट को देश के समग्र विकास की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम बताया.

Read More :- पप्पू यादव 31 साल पुराने केस में पटना से गिरफ्तार: बोले- मेरी हत्या हो सकती है; आधी रात 3 घंटे चला ड्रामा, समर्थक भड़के