सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने फाइटर और उरी को पछाड़ा, 400 करोड़ क्लब की ओर तेज़ रफ्तार
सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर थमने का नाम नहीं ले रही है। दूसरे वीकेंड में भी इस वॉर ड्रामा ने देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में शानदार प्रदर्शन किया है। नतीजतन, फिल्म ने कई बड़ी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन
‘बॉर्डर 2’ को रिलीज के बाद से लगातार दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। दूसरे वीकेंड में भी फिल्म की पकड़ मजबूत बनी हुई है। ट्रेड ट्रैकिंग वेबसाइट सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने 10 दिनों में दुनियाभर में 370 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। ऐसे में अब यह वॉर ड्रामा तेजी से 400 करोड़ रुपये के क्लब की ओर बढ़ रही है।
भारत में भी कायम है फिल्म का जलवा
भारत में भी ‘बॉर्डर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा साफ नजर आ रहा है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने अपने 10वें दिन यानी दूसरे रविवार को 22.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। फिल्म ने पहला हफ्ता 224 करोड़ रुपये के साथ खत्म किया था। दूसरे वीकेंड में शुक्रवार को 10.75 करोड़ रुपये, शनिवार को 17.75 करोड़ रुपये और रविवार को 22.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इस तरह 10 दिनों में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 275.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
ऑक्यूपेंसी भी रही मजबूत
रविवार को फिल्म की औसत ऑक्यूपेंसी 36.64 प्रतिशत दर्ज की गई। सुबह के शो में 18.28 प्रतिशत दर्शक रहे, जबकि दोपहर के शो में 49.31 प्रतिशत, शाम के शो में 52.61 प्रतिशत और रात के शो में 26.34 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। इससे साफ है कि वीकेंड पर दर्शकों की भीड़ सिनेमाघरों में उमड़ रही है।
‘फाइटर’ और ‘उरी’ को छोड़ा पीछे
‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के महज 10 दिनों में ऋतिक रोशन की ‘फाइटर’ और विक्की कौशल की ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ के लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन को पार कर लिया है। फाइटर ने जहां करीब 344 से 358 करोड़ रुपये कमाए थे, वहीं उरी का लाइफटाइम कलेक्शन लगभग 342 करोड़ रुपये रहा था।
फिल्म के बारे में
‘बॉर्डर 2’, साल 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का स्टैंडअलोन सीक्वल है। यह फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान हुए बसंतर की लड़ाई पर आधारित है। फिल्म में सोनम बाजवा, मेधा राणा, अन्या सिंह और मोना सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। इसे भूषण कुमार ने जेपी दत्ता और निधि दत्ता के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है।
