INS विक्रांत के सामने सनी देओल, वरुण धवन समेत स्टार्स ने जवानों को किया सलाम
फिल्म बॉर्डर 2 की टीम ने बुधवार को भारतीय नौसेना के अधिकारियों और नाविकों को विशेष सम्मान देते हुए कर्नाटक के करवार नेवल बेस पर एक भावुक और देशभक्ति से भरा कार्यक्रम आयोजित किया। यह आयोजन भारत के पहले स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रांत के सामने हुआ, जहां सिनेमा, संगीत और राष्ट्रप्रेम का अनोखा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान फिल्म की पूरी टीम ने नौसेना के जवानों के साथ समय बिताया और देश की सुरक्षा में उनके अमूल्य योगदान को सलाम किया। इस मौके पर सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी, सोनम बाजवा, विशाल मिश्रा, सोनू निगम, अनु मलिक और मनोज मुंतशिर समेत कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे। खास तौर पर भारतीय नौसेना के लिए तैयार की गई एक स्पेशल लाइव म्यूजिकल परफॉर्मेंस भी पेश की गई, जिसने कार्यक्रम को और यादगार बना दिया।
इसी बीच अभिनेता सनी देओल ने INS विक्रांत से भारतीय नौसेना के अधिकारियों के साथ एक सेल्फी इंस्टाग्राम पर साझा की। तस्वीर में वह समुद्र के सामने हरी शर्ट, गहरे हरे रंग की पैंट और काली पगड़ी में नजर आए। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “हिंदुस्तान मेरी जान, मेरी आन, मेरी शान… गर्व। सम्मान। बहादुरी।”
अनुराग सिंह के निर्देशन में बन रही बॉर्डर 2 में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह, मेधा राणा, सोनम बाजवा और आन्या सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को गुलशन कुमार और टी-सीरीज़ प्रस्तुत कर रहे हैं, जबकि जेपी फिल्म्स के सहयोग से इसे भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने प्रोड्यूस किया है।
