हाईवे पर सफर करने वाले सावधान! 1 अप्रैल से टोल पर बंद होगा कैश भुगतान

हाईवे टोल प्लाजा पर FASTag से डिजिटल भुगतान
1 अप्रैल से टोल प्लाजा पर केवल डिजिटल भुगतान की तैयारी

FASTag या डिजिटल पेमेंट जरूरी, नए नियम से खत्म होंगी लंबी कतारें और जाम

हाईवे पर सफर करने वालों के लिए 1 अप्रैल से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सरकार देशभर के टोल प्लाजा पर नकद भुगतान (Cash Payment) की सुविधा बंद करने की तैयारी में है। इसके बाद टोल शुल्क केवल डिजिटल माध्यमों से ही वसूला जाएगा। इस कदम का मकसद टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों और ट्रैफिक जाम की समस्या को खत्म करना है।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर ने एक इंटरव्यू में बताया कि टोल प्लाजा पर कैश लेन-देन बंद करने का फैसला लिया गया है। फिलहाल इस व्यवस्था की व्यवहारिक जांच की जा रही है। देश के 25 टोल प्लाजा पर ‘नो-स्टॉप कैशलेस टोल सिस्टम’ का ट्रायल चल रहा है। हालांकि अभी औपचारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है, लेकिन संकेत हैं कि 1 अप्रैल से यह नियम पूरे देश में लागू हो सकता है।

FASTag पहले से अनिवार्य होने के बावजूद कई जगह कैश भुगतान के कारण वाहन रुकते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है। कैश बंद होने से वाहनों को रुकना नहीं पड़ेगा और सफर पहले से ज्यादा तेज और सुगम होगा। इसके अलावा ईंधन की बचत होगी और टोल कलेक्शन में पारदर्शिता बढ़ेगी।

यह फैसला सरकार के मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोल सिस्टम की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। भविष्य में फिजिकल टोल बूथ हटाकर कैमरा और सेंसर के जरिए ऑटोमैटिक टोल कटौती की योजना है। ड्राइवरों को सलाह दी गई है कि 1 अप्रैल से पहले FASTag का बैलेंस और डिजिटल पेमेंट की व्यवस्था जरूर जांच लें।

Read More :- शेयर बाजार में ASG आई हॉस्पिटल की एंट्री, 3,900 करोड़ का IPO मचाएगा हलचल