एससी/एसटी कोर्ट सवाई माधोपुर से जारी स्थाई वारंट पर पुलिस ने दबोचा आरोपी
सवाई माधोपुर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौथ का बरवाड़ा थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी कोर्ट सवाई माधोपुर से स्थाई वारंट जारी था। आरोपी की पहचान मनराज उर्फ मनराज दीवाना (35) पुत्र रघुनाथ गुर्जर निवासी ग्राम रजवाना के रूप में हुई है। वह थाना चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है।
2023 से चल रहा था फरार
मानटाउन थानाधिकारी महेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए “ऑपरेशन शिकंजा” अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने थाना क्षेत्र और गैर थाना क्षेत्रों में लगातार दबिश दी। आखिरकार मंगलवार को पुलिस को सफलता मिली।
रेलवे फाटक से दबोचा
पुलिस टीम ने पांवडेरा रेलवे फाटक, कस्बा चौथ का बरवाड़ा से आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में एएसआई धर्मेन्द्र, कॉन्स्टेबल भैरूसिंह और कॉन्स्टेबल आशाराम शामिल रहे। आरोपी मनराज के खिलाफ साल 2023 में स्थाई वारंट जारी हुआ था। तब से वह लगातार फरार चल रहा था।
कई थानों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह थाना चौथ का बरवाड़ा का हिस्ट्रीशीटर भी है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। जिले में चल रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रखेगी।
