74 अतिक्रमण हटाए, दुकानदारों ने जताई रोजगार की चिंता
चौथ का बरवाड़ा में रविवार को वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। चौथ माता मंदिर मार्ग से 74 दुकानों को हटाया गया। कार्रवाई सुबह शुरू हुई और पूरे दिन चली। मौके पर बड़ी संख्या में वन विभाग के सुरक्षा गार्ड तैनात रहे। साथ ही कलेक्टर की ओर से मौका मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किया गया। दुकानों को हटाने के लिए जेसीबी मशीन का उपयोग किया गया।मार्ग पर अस्थायी रूप से पूजा-प्रसाद की दुकानें लगती थीं। इन दुकानों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती थी। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हलचल का माहौल रहा।
रेंजर बोले– पहले दिए थे नोटिस
वन विभाग के रेंजर कैलाश शर्मा ने बताया कि सभी दुकानें वन भूमि पर लगी थीं। उन्होंने कहा कि दुकानदारों को पहले कई बार नोटिस दिए गए। लोगों को समझाने का प्रयास भी किया गया। दो दिन पहले भी कार्रवाई शुरू हुई थी। लेकिन दुकानों में अधिक सामान होने के कारण उसे रोका गया। रविवार को फिर अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान पूरा किया गया।विभाग के अनुसार चौथ का बरवाड़ा में लव कुश वाटिका का निर्माण प्रस्तावित है। इसी परियोजना के लिए भूमि खाली कराई गई है। अधिकारियों ने दावा किया कि पूरी कार्रवाई कानून के तहत और निष्पक्ष तरीके से की गई।
दुकानदारों ने जताया विरोध
दूसरी ओर दुकानदारों ने नाराजगी जताई उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से रोजगार का संकट खड़ा होगा। कई परिवार वर्षों से यहां दुकान लगाकर जीवन यापन कर रहे थे। अचानक हटाए जाने से आर्थिक परेशानी बढ़ेगी। इसी दौरान वन विभाग की टीम ने कस्बे के एक मोहल्ले में आरा मशीन पर भी कार्रवाई की। आरा मशीन को सीज कर दिया गया। विभाग ने इसे नियमों के उल्लंघन का मामला बताया। प्रशासन का कहना है कि आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। वहीं स्थानीय लोगों को अब वैकल्पिक व्यवस्था की उम्मीद है।
