पटाखों की दुकान में भीषण विस्फोट, 12 लोगों की मौत
चीन में लूनर न्यू ईयर के जश्न के बीच बड़ा हादसा हो गया। हुबेई प्रांत के शियांगयांग शहर में पटाखों की दुकान में जोरदार विस्फोट हुआ। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा बुधवार दोपहर करीब 2 बजे झेंगजी टाउन में हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। इसके तुरंत बाद दुकान में भीषण आग लग गई। करीब 50 वर्ग मीटर का क्षेत्र आग की चपेट में आ गया। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था।
एक हफ्ते में दूसरा बड़ा हादसा
यह इस हफ्ते का दूसरा मामला है। इससे पहले रविवार को जियांग्सू प्रांत में भी पटाखों की दुकान में आग लगी थी। उस हादसे में 8 लोगों की मौत हुई थी। दो अन्य लोग घायल हुए थे। लगातार हो रही घटनाओं के बाद चीनी सरकार ने चेतावनी जारी की थी। सरकार ने कहा कि स्प्रिंग फेस्टिवल के दौरान पटाखे बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं।
त्योहार और खतरे का मेल
चीन में लूनर न्यू ईयर पर पटाखों का व्यापक उपयोग होता है। यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। हालांकि, सुरक्षा और वायु प्रदूषण को लेकर चिंता भी बढ़ी है। कुछ शहरों में पटाखों पर आंशिक प्रतिबंध लगाया गया है। लेकिन यह फैसला अक्सर विवाद का कारण बनता है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
पिछले साल जून में हूनान प्रांत में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था। उस घटना में 9 लोगों की मौत हुई थी। साथ ही 26 लोग घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसे चिंता बढ़ा रहे हैं।अब प्रशासन पर सख्त सुरक्षा कदम उठाने का दबाव है।
