चित्तौड़गढ़ हाईवे हादसा: कार-ट्रेलर भिड़ंत में 4 की मौत, 6 साल का बेटा बचा

चित्तौड़गढ़ हाईवे पर कार-ट्रेलर भिड़ंत के बाद क्षतिग्रस्त कार
चित्तौड़गढ़-उदयपुर हाईवे पर भीषण हादसे में चार की मौत

शादी समारोह से लौट रहा था परिवार, सड़क पर पड़े जानवर के शव से टकराकर कार दूसरी लेन में पहुंची

चित्तौड़गढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार का 6 वर्षीय बेटा सुरक्षित बच गया। यह हादसा भादसोड़ा क्षेत्र के नरबदिया गांव के पास चित्तौड़गढ़–उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात करीब 2 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि परिवार उदयपुर में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहा था।

जानकारी के अनुसार, कार सड़क पर पड़े जानवर के शव से टकरा गई, जिसके बाद वाहन बेकाबू होकर डिवाइडर से जा भिड़ा। टक्कर के बाद कार डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में चली गई, जहां सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

इस दुर्घटना में मृतकों की पहचान रिंकेश नानवानी (40), उनकी पत्नी सुहानी (38), उनकी चाची रंजनी (58) और रतलाम निवासी फूफाजी हीरानंद लालवानी (60) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय कार की रफ्तार तेज बताई जा रही है, जिससे नुकसान अधिक हुआ।

हादसे में रिंकेश का 6 वर्षीय बेटा वैभव घायल हुआ है, लेकिन उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। एहतियातन उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और शवों को चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस ट्रेलर चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।

Read More: सवाई माधोपुर में ट्रकों की भीषण टक्कर, तीन की मौत; एक गंभीर घायल