सीएम भजनलाल शर्मा का युवाओं से संवाद: 1 लाख सरकारी भर्तियों का कैलेंडर जारी, स्वरोजगार पर जोर

बांसवाड़ा के युवाओं से संवाद करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री आवास पर बांसवाड़ा जिले के युवाओं के साथ संवाद करते सीएम भजनलाल शर्मा

बांसवाड़ा के युवाओं को रोजगार, इंटर्नशिप और निवेश से जुड़े अवसरों का भरोसा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बांसवाड़ा जिले के युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि वागड़ क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत यहां के युवा हैं और विकसित राजस्थान के निर्माण में उनकी भूमिका निर्णायक होगी। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने पांच वर्षों में 4 लाख सरकारी नौकरियां और 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार देने का लक्ष्य तय किया है। अब तक 1 लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। साथ ही, इस वर्ष भी 1 लाख सरकारी पदों की भर्ती परीक्षा का कैलेंडर जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षों में एक भी पेपर लीक की घटना नहीं हुई, जो पारदर्शी भर्ती व्यवस्था का प्रमाण है।

शर्मा ने कहा कि अब तक करीब 2 लाख युवाओं को इंटर्नशिप उपलब्ध करवाई गई है, जबकि मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत 4 लाख से अधिक युवाओं को 1150 करोड़ रुपये का भत्ता दिया गया है। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है, जिससे प्रदेश में नए रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं।

उन्होंने बांसवाड़ा और डूंगरपुर को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने, किसानों को दिन में बिजली देने और आधारभूत संरचना को मजबूत करने की योजनाओं की भी जानकारी दी। संवाद में युवाओं ने भर्ती कैलेंडर जारी करने और पेपर लीक पर सख्ती के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

Read More :- टी-20 विश्व कप से पहले वीज़ा अड़चन: पाकिस्तानी मूल के क्रिकेटर भारत आने की मंज़ूरी के इंतज़ार में