गंगापुर सिटी में दलित अधिकार केंद्र की पहल, 60 ग्रामीणों ने लिया भाग
गंगापुर सिटी में सामाजिक जागरूकता की एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। ग्राम धोधुपुरा में दलित अधिकार केंद्र की ओर से जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की सही जानकारी देना था। साथ ही सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का संदेश भी दिया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। करीब 60 प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में सामाजिक और आर्थिक विकास पर विशेष जोर दिया गया। जिला सह-समन्वयक मनोज कुमार ने कहा कि संस्था पिछले 22 वर्षों से मानव अधिकारों के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि जानकारी के अभाव में दलित और गरीब वर्ग कई योजनाओं से वंचित रह जाता है। इसलिए जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से योजनाओं का पूरा लाभ लेने की अपील की।
सरकारी योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी
शिविर में कई प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी गई। इनमें मनरेगा, मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना शामिल हैं। इसके अलावा सिलिकोसिस पीड़ित सहायता योजना, पालनहार योजना और मुख्यमंत्री लाडो प्रोत्साहन योजना पर भी चर्चा हुईअंबेडकर डीबीटी वाउचर योजना और कन्यादान योजना की प्रक्रिया भी समझाई गई। ग्रामीणों को आवेदन की प्रक्रिया विस्तार से बताई गई। साथ ही जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी साझा की गई।
सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का आह्वान
सामाजिक कार्यकर्ता सुरज्ञान बैरवा ने कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाती है। उन्होंने ग्रामीणों से अंधविश्वास और पाखंड से दूर रहने की अपील की। साथ ही ‘शिक्षित बनो, संघर्ष करो और संगठित रहो’ का संदेश दिया। शिविर में उपस्थित लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें योजनाओं की स्पष्ट जानकारी मिली। इस पहल से सामाजिक बदलाव की उम्मीद जताई गई।
