दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक में घुसी कार; चार श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत

Delhi Mumbai Expressway car truck accident in Dausa
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक में फंसी कार, 12 किमी तक घिसटने के बाद मचा हड़कंप

12 किलोमीटर तक ट्रक के साथ घिसटती चली गई कार, महाकाल दर्शन कर नोएडा लौट रहे थे सभी

एक्सप्रेसवे पर सुबह-सुबह मौत का मंजर

राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक के पीछे फंस गई और करीब 12 किलोमीटर तक घिसटती चली गई। इस हादसे में कार सवार चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई।

महाकाल दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु

पुलिस के अनुसार कार में कुल पांच लोग सवार थे। सभी मध्यप्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन कर नोएडा लौट रहे थे। मृतकों की पहचान राहुल गुप्ता (35), पारस अग्रवाल (35), प्रिंस गुप्ता (23) और विक्रम सिंह (30) के रूप में हुई है। ये सभी उत्तर प्रदेश के नोएडा निवासी थे। वहीं कार की पिछली सीट पर बैठे बृजमोहन गुप्ता को मामूली चोटें आई हैं।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

DSP दीपक मीणा ने बताया कि हरियाणा नंबर की कार लालसोट से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान आलूदा गांव के पास पापड़दा थाना क्षेत्र में कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। तेज गति के कारण कार ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गई और आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

12 KM तक ट्रक के साथ घिसटती रही कार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद ट्रक चालक को तुरंत हादसे का अहसास नहीं हुआ। इसी कारण ट्रक चलता रहा और कार करीब 12 किलोमीटर तक उसके साथ घिसटती चली गई। इस दौरान कार में बैठे लोगों को संभलने या बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला।

शव निकालने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। कार ट्रक में बुरी तरह फंसी हुई थी। काफी मशक्कत के बाद कार को अलग किया गया और शवों को बाहर निकाला गया। घायल युवक को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दो थाना क्षेत्रों से होकर गुजरी कार

पापड़दा थाना पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद कार राहुवास थाना क्षेत्र से घिसटती हुई पापड़दा थाना क्षेत्र तक पहुंच गई। कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक सुचारू किया गया।

Read More :- जयपुर में मछली से आयुर्वेदिक दवा की खोज, जेब्राफिश बनी रिसर्च की नई ताकत